नशा बिक्री वाली बस्ती पर पुलिस फोर्स ने की सुबह साढ़े 5 बजे रेड

punjabkesari.in Friday, Jul 19, 2019 - 01:04 PM (IST)

बरनाला(विवेक सिंधवानी, गोयल): नशे की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए सुबह साढ़े 5 बजे ही एस.पी. डी सुखदेव सिंह विर्क, डी.एस.पी. राजेश छिब्बर के नेतृत्व में पुलिस फोर्स सैंसी बस्ती में पहुंच गई व नशा पकडऩे के लिए घरों में सर्च शुरू कर दी। भारी पुलिस फोर्स देखकर लोग भी अपने घरों से बाहर आ गए। पुलिस बस्ती में आने-जाने वाले वाहनों की भी कड़ी तलाशी ले रही थी। पुलिस ने 12 वाहनों को भी बंद किया व एक महिला को नशीले पदार्थों सहित गिरफ्तार भी किया। इसी शृंखला के तहत हंडिआया चौकी में भी 11 शक्की व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई।


नहीं बख्शा जाएगा नशा बेचने वालों को 
बातचीत करते हुए एस.पी.डी. सुखदेव सिंह विर्क व डी.एस.पी. राजेश छिब्बर ने कहा कि पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ मुहिम शुरू की हुई है। किसी भी कीमत पर नशा बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकतर मामलों में सैंसी बस्ती में रहने वाले लोग ही नशा बेचते पकड़े गए हैं। इलाका निवासियों की भी शिकायत थी कि यहां पर नशा भारी मात्रा में बिकता है। इसी शृंखला के तहत आज सुबह साढ़े 5 बजे लगभग 40 घरों में तलाशी की गई। इस दौरान एक महिला परमजीत कौर को गिरफ्तार करके उससे 50 नशीली गोलियां व 100 ग्राम भुक्की डोडे बरामद किए गए। महिला के खिलाफ थाना सिटी में केस दर्ज कर लिया गया है। हंडिआया चौकी में 11 संदिग्ध व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।


पिछले डेढ़ महीने से सैंसी बस्ती में लगा हुआ है पुलिस का पक्का नाका
वर्णनीय है कि पिछले लगभग डेढ़ महीने से पुलिस ने सैंसी बस्ती में पक्का नाका लगाया हुआ है। नाका लगाकर वहां पर पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। 24 घंटे पुलिस कर्मचारियों की वहां पर ड्यूटी रहती है। किसी भी संदिग्ध वाहन को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। इस मोहल्ले में रहने वाले कई लोग नशा बेचने के आरोप में पकड़े भी जा चुके हैं। इलाका वासियों की शिकायत है कि इस इलाके में सरेआम नौजवानों को नशा बेचा जाता था। इसके बाद पुलिस ने यहां पर पक्का नाका लगा लिया है। 

पुलिस के पहरे के बावजूद नशा बिकने की वीडियो हो चुकी है सोशल मीडिया पर वायरल
पुलिस ने बेशक इस बस्ती में पक्का नाका लगाया हुआ है परंतु कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुई थी। वीडियो वायरल करने वाला व्यक्ति  मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस्ती में जाकर एक घर में दाखिल होता है। इसके बाद वह नशीला पदार्थ दिखाता है इसके बाद उसके द्वारा वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाता है, जिस कारण पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा हुआ था।  

पुलिस की सख्ती के कारण कुछ नशा बेचने वालों ने बदला अपना अड्ड़ा
सूत्रों के अनुसार पुलिस की इस सख्ती के कारण कुछ नशा बेचने वालों ने अपना अड्डा बदल दिया है। अब इस बस्ती में तो पुलिस की सख्ती के कारण नशे की बिक्री कम हो गई है। उन लोगों ने अपना अड्डा बदलकर कहीं और ठिकाना बना लिया है। अपने पक्के ग्राहकों को कोड वर्ड द्वारा वह किसी अन्य जगह पर बुलाकर नशे की सप्लाई करते हैं। पुलिस को इन ठिकानों को पहचाना भी जरूरी है ताकि नशे की चेन को खत्म किया जा सके।   
 
 

Vatika