पत्नी और ससुराल परिवार से दुखी नौजवान ने फंदा लगाया

punjabkesari.in Sunday, Nov 18, 2018 - 09:09 AM (IST)

धूरी](संजीव जैन): गांव बरड़वाल के एक नौजवान ने अपनी पत्नी और ससुराल परिवार से दुखी होकर फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक रणजीत सिंह निवासी बरड़वाल के पिता मेवा सिंह द्वारा पुलिस स्टेशन सदर धूरी में दर्ज करवाए मामले के अनुसार रणजीत  सिंह और उसका भाई कुलदीप सिंह दोनों गांव भलवान के वृषभान की लड़कियों (सगी बहनों) से विवाहित थे। 

मेवा सिंह अपने बड़े लड़के और पुत्रवधू के साथ अलग घर में रहता था, जबकि रणजीत सिंह अपनी पत्नी के साथ अलग मकान में रहता था। मृतक रणजीत सिंह और उसकी पत्नी जसविंदर कौर में अक्सर तकरार भी रहती थी। रणजीत सिंह अपनी पत्नी को गत 18 अक्तूबर को दवाई लेने के लिए अपने ससुराल भलवान में छोड़ कर आया था। जब वह गत 11 नवम्बर को अपनी पत्नी को लेने के लिए अपने ससुराल घर भलवान में गया, तो उसके ससुराल परिवार ने उसकी पत्नी को उसके साथ भेजने से इंकार करते हुए रिश्ता खत्म करने की बात कही।मृतक के पिता ने अपने लड़के के ससुराल परिवार पर उसे जलील करने और मारपीट करनेका आरोप लगाया। इसके चलते रणजीत सिंह मानसिक तौर पर काफी परेशान रहता था और इसी परेशानी के चलते उसने गत रात्रि अपने घर में फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली। 

swetha