गांधी जयंती पर सफाई अभियान हुआ ठुस्स

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2019 - 09:50 AM (IST)

बरनाला(विवेक सिंधवानी, गोयल): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 150वीं जयंती देश में धूमधाम से मनाई जा रही है। 150वीं जयंती पर पूरे देश में प्लास्टिक के लिफाफों पर बैन लगाने का अभियान शुरू किया गया है, परंतु जिला प्रशासन बरनाला ने प्लास्टिक के लिफाफों पर लगभग 2/3 महीने पहले ही बैन लगा दिया था। 

पांच वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पूरे देश में स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई अभियान शुरू किया गया था। सफाई अभियान पर अरबों खरबों रुपए खर्च किए गए। बरनाला जिले को करोड़ों रुपए की ग्रांट सफाई अभियान के लिए आई। 5 वर्ष बीत जाने के बावजूद भी शहर में सफाई का बुरा हाल है। सफाई अभियान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। करोड़ों रुपए खर्च करके भी शहर में सफाई न होना कई बड़े प्रश्नों को जन्म देता है।

आज डी.सी. बरनाला द्वारा प्लास्टिक की चीजों का प्रयोग रोकने के लिए एक रैली डी.सी. दफ्तर से भी निकाली गई, जिसको डी.सी. तेज प्रताप सिंह फूलका ने हरी झंडी देकर रवाना किया। खुद डी.सी., एस.एस.पी., ए.डी.सी. रास्ते में आ रही प्लास्टिक की चीजों को उठाकर बैगों में डालते रहे परंतु रास्ते में जगह-जगह पर प्लास्टिक के लिफाफे बिखरे पड़े थे। कई रेहड़ियों पर भी सरेआम प्लास्टिक के लिफाफों का प्रयोग हो रहा था जबकि प्रशासन ने करीब 2/3 महीने पहले ही प्लास्टिक के लिफाफों पर बैन लगा दिया था। बैन के बाद भी सरेआम प्लास्टिक के लिफाफों का प्रयोग होना कई प्रश्नों को जन्म दे रहा है।
 

Edited By

Sunita sarangal