ट्रैक्टर सहित 2 भाई गिरफ्तार, तीसरा आरोपी फरार

punjabkesari.in Friday, Mar 23, 2018 - 03:20 PM (IST)

तलवंडी साबो(मुनीश): गांव लहरी में पुरानी रंजिश के चलते दिन-दिहाड़े कत्ल के 2 आरोपियों को तलवंडी साबो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। गौर है कि गत 20 मार्च को गांव लहरी के बलवंत सिंह उर्फ मिश्रा सिंह की खेत से वापस लौटते समय जगसीर सिंह, रघुवीर सिंह पुत्र बलदेव सिंह व बलदेव सिंह पुत्र जंगीर सिंह निवासी लहरी ने रास्ते में घेरकर तेजधार हथियारों से हत्या कर दी थी।

पुलिस ने मृतक की पत्नी गुरमीत कौर के बयानों पर उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। आज तलवंडी साबो की सींगो चौकी के इंचार्ज मेजर सिंह ने थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में कथित आरोपियों में दोनों भाइयों को आज गिरफ्तार कर लिया, जब वे अपने ट्रैक्टर पर हरियाणा से आ रहे थे। सुनील कुमार ने बताया कि दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और उनका 26 मार्च तक पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। 

Punjab Kesari