महिला कैदी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार

punjabkesari.in Thursday, Feb 21, 2019 - 10:25 AM (IST)

बठिंडा (विजय): दुष्कर्म मामले में जेल में बंद महिला कैदी बीमारी का बहाना लगाकर सिविल अस्पताल बठिंडा  इलाज के लिए पहुंची। वहां से वह महिला कांस्टेबल का पर्स व मोबाइल लेकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। श्री मुक्तसर साहिब के गांव घुमियारा वासी विक्की सिंह की पत्नी अमनदीप कौर बठिंडा की सैंट्रल जेल में बंद थी। जेल में उसने अधिकारियों से बीमारी का बहाना लगाया। इसी दौरान महिला कांस्टेबल शौचालय गई व अपना पर्स एवं मोबाइल कैदी महिला को दे गई। मौका देखकर आरोपी कैदी महिला कांस्टेबल का सामान लेकर फरार हो गई। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 2 टीमों का गठन किया लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। सिविल अस्पताल चौकी प्रभारी हरप्रेम सिंह का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस उसके पति विक्की सिंह से पूछताछ कर रही है। थाना लंबी में आरोपी महिला व उसके पति विक्की सिंह पर 2018 में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। 

सिविल अस्पताल से कैदियों के भागने का यह पहला मामला नहीं
सिविल अस्पताल से भागने का कैदियों का यह पहला मामला नहीं है। 2 महीने पहले भी एक कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था जिसे कुछ दूरी पर ही पुलिस ने धर दबोचा था। 2 वर्ष पहले गैंगस्टर ङ्क्षबदू को जेल से पुलिस पार्टी सिविल अस्पताल लाई थी तो उसके साथियों ने पुलिस की आंखों मे मिर्च डाल दी व ङ्क्षबदू को छुड़वा कर ले गए थे जिसको पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी। बेशक पुलिस ने सिविल अस्पताल में भी चौकी स्थापित कर रखी है लेकिन यहां के चौकी प्रभारी हमेशा चर्चा में रहे जबकि आरोपी कई घटनाओं को अंजाम देने में सफल रहे। 


कांस्टेबल का मोबाइल टे्रस करने में जुटी पुलिस
फरार हुई हवालाती महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस महिला कांस्टेबल मनजीत कौर के मोबाइल की लोकेशन टे्रस करने में जुटी हुई है। पुलिस को विश्वास है कि मोबाइल के सहारे वह आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार कर लेगी लेकिन अभी तक उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में उक्त महिला कांस्टेबल के विरुद्ध अभी तक कोई कार्रवाई शुरू नहीं की गई है। डी.एस.पी. करनशेर सिंह का कहना है कि आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लापरवाही के आरोप में महिला कांस्टेबल पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Vatika