खेत से शव बरामद कर ले जा रही पुलिस को लोगों ने घेरा, हवाई फायरिंग

punjabkesari.in Wednesday, Jan 16, 2019 - 12:37 PM (IST)

लहरा मुहब्बत(मनीश): हत्या करने के बाद खेतों में दबाए गए  जिले के गांव लहरा बेगा निवासी किसान मंगा सिंह के शव को पुलिस ने मंगलवार को खेत खोदकर बरामद कर लिया। जब पुलिस शव निकालकर अस्पताल ले जाने लगी तो किसान यूनियन और गांव वासियों ने पुलिस को घेर लिया। इस दौरान पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके साथ ही पुलिस ने कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की। बाद में जिम्मेवार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद ही मामला कुछ शांत हुआ। इस मामले में थाना नथाना पुलिस ने पटवारी जगजीत सिंह जग्गा, जग्गा सिंह, अंतर सिंह और गोशा सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। मंगलवार को पुलिस ने किसान यूनियन और गांव वासियों को शांत करने का प्रयास करते हुए जग्गा सिंह को मोगा से गिरफ्तार कर लिया, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने खेत खोदकर शव बरामद किया। आरोपी अंतर सिंह और गोशा सिंह को तो सोमवार देर शाम ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।  

जग्गा सिंह की निशानदेही पर किया शव बरामद
मंगलवार को जब पुलिस ने तीसरे आरोपी जग्गा सिंह को मोगा से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर गांव लहरा के समीप खेतों से मृतक किसान का शव बरामद किया तो पुलिस किसान यूनियन और गांव के लोगों को चकमा देकर शव लेकर दूसरे रास्ते से भागने लगी। इस दौरान किसानों व लोगों ने पुलिस को घेर लिया। माहौल तनावपूर्ण होता देख भुच्चो पुलिस चौकी प्रभारी ए.एस.आई. गोबिंद सिंह ने भीड़ को भगाने के लिए 2 हवाई फायर कर दिए। किसान यूनियन नेता शिंगारा सिंह मान का कहना था कि जब तक पुलिस हत्या कांड के मुख्य आरोपी पटवारी को गिरफ्तार नहीं करती तब तक वह पुलिस को शव नहीं ले जाने देंगे और उनका धरना जारी रहेगा। किसान नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस मुख्य आरोपी पटवारी जगजीत सिंह को बचाना चाहती है।

जमीन के लालच में आकर की थी हत्या
जानकारी के अनुसार गांव लहरा बेगा का किसान मंगा सिंह 15 दिसम्बर 2018 को संदिग्धावस्था में लापता हो गया था जिसके बाद गांव वालों और किसान यूनियन ने पुलिस पर दबाव बनाया तो पुलिस ने लापता किसान की भाभी मलकीत कौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो साफ हो गया कि किसान मंगा सिंह की पटवारी जगजीत सिंह, जग्गा सिंह और अंतर सिंह व गोशा सिंह ने जमीन के लालच में मिलकर हत्या कर दी थी। इसी दौरान आरोपियों पर केस दर्ज करने और उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) ने बङ्क्षठडा चंडीगढ नैशनल हाइवे जाम कर दिया तो पुलिस ने उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी पटवारी जगजीत सिंह की गिरफ्तारी अभी बाकी है। 

क्या कहना है ए.एस.आई. का
इस संबंधी भुच्चो चौकी प्रभारी ए.एस.आई. गोबिंद सिंह का कहना था कि पुलिस ने भीड़ को भगाने के लिए हवाई फायर किए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा ले जाया जाएगा। इसके अलावा हत्याकांड के मुख्य आरोपी पटवारी जगजीत सिंह को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

फायरिंग करने वाले ए.एस.आई. का तबादला
डी.एस.पी. भुच्चो ने बताया कि हवाई फायरिंग करने वाले ए.एस.आई. का तबादला कर दिया गया है। मुख्य आरोपी पटवारी जगजीत सिंह को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। 
 


  

Vatika