शिवसेना के उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला

punjabkesari.in Wednesday, Jul 18, 2018 - 12:20 PM (IST)

बठिंडाः शिवसेना (हिंदुस्तान) के जिला उपाध्यक्ष पर मंगलवार सुबह आधा दर्जन के करीब हथियारबंद लोगों ने जानलेवा हमला करके उसे गंभीर घायल कर दिया। परिजनों व पार्टी नेताओं ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। 

सिविल अस्पताल में उपचाराधीन शिवसेना (हिंदुस्तान) के जिला उपाध्यक्ष काका बाबू निवासी धोबीआणा बस्ती ने बताया कि वह हर रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे फेज-2 स्थित श्री कृष्ण मंदिर गए थे। मंदिर के नल पर 6-7 अज्ञात युवक खड़े होकर आपस में गाली-गलौच कर रहे थे। जैसे ही उसने उक्त युवकों को गाली-गलौच करने से रोका तो उन्होंने बेसबॉल बैट, रॉड आदि से उस पर हमला करके उसे गंभीर जख्मी कर दिया। उसने बताया कि उक्त युवकों में से एक के पास पिस्तौल भी थी जिसके बल पर आरोपी उसे धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। 

सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस बारे में शिवसेना के प्रांतीय संगठन मंत्री सुशील कुमार जिंदल ने कहा कि उनकी पार्टी के नेता द्वारा नशे, अवैध कब्जों के खिलाफ उठाई आवाज को बंद नहीं किया जा सकता। 

Vatika