सिद्धू की जालंधर निगम में कार्रवाई से बठिंडा नगर निगम में हड़कंप

punjabkesari.in Saturday, Jun 16, 2018 - 02:22 PM (IST)

बठिंडा: पंजाब के निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा अवैध निर्माणों के मामले में जालंधर नगर निगम के कई अधिकारियों व कर्मचारियों को सस्पैंड करने की कार्रवाई से बठिंडा नगर निगम में हड़कंप मचा हुआ है।

बठिंडा महानगर में भी अवैध निर्माणों की भरमार है जिनके खिलाफ नगर निगम के अधिकारी नोटिस भेजने के सिवाय कोई कार्रवाई नहीं कर सके। मजे की बात यह है कि नगर निगम के अधिकारी परसराम नगर चौक के नजदीक एक गली में बने एक थड़े तक को नहीं तोड़ पाए जिसे लेकर हर बैठक में हंगामा होता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अधिकारी अवैध तौर पर बनी इमारतों पर क्या कार्रवाई कर सकते हैं? यह भी जिक्र योग्य है कि नगर निगम द्वारा अवैध निर्माणों को लेकर एक कमेटी का गठन किया गया था जो भी अब लापता हो चुकी है। 

बठिंडा महानगर में अवैध निर्माणों की भरमार है। सरकार द्वारा कुछ नियमों के तहत आने वाले अवैध निर्माणों को रैगुलर करने के निर्देश भी जारी किए हैं जिससे नगर निगम को भी आमदन होगी जबकि अवैध निर्माणों की संख्या में भी कमी आएगी लेकिन ऐसे निर्माणों की संख्या बेहद कम है जबकि नियमों को दरकिनार कर किए गए अवैध निर्माणों की गिनती काफी अधिक है। इनमें सी.एल.यू. के बिना बनाए गए निर्माणों को छोड़ भी दिया जाए तो निगम की अपनी जमीनों पर किए गए अवैध निर्माण या नियमों की बिल्कुल ही अनदेखी कर किए गए अवैध निर्माण बड़ी गिनती में हैं जिन पर कार्रवाई का मुद्दा उठता रहता है। गत विधानसभा चुनाव से पहले महानगर में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हुए हैं जिन्हें निगम ने नोटिस भेजने के सिवाय कुछ नहीं किया।

Vatika