अकाली व कांग्रेसी भिड़े, 3 घायल

punjabkesari.in Monday, Feb 11, 2019 - 11:15 AM (IST)

तलवंडी साबो(मुनीश): गांव त्यौणा पुजारियां में कांग्रेस व अकाली दल के 2 पक्षों में टकराव हो गया जिसमें 3 लोग जख्मी हो गए। घायलों में अकाली दल का एक पूर्व सरपंच व एक कांग्रेसी नेता शामिल है जिन्हें तलवंडी साबो व बठिंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।  

बठिंडा के सिविल अस्पताल में उपचाराधीन गांव त्यौणा पुजारियां के पूर्व अकाली सरपंच सुखपाल सिंह ने बताया कि पिछले प्लान के दौरान बलजिंद्र सिंह उससे हार गया था जिसके बाद वह उससे रंजिश रखता था। अब जब सरकार में उक्त व्यक्ति का हाथ था तो वह मौके की तलाश में था ताकि हार का बदला ले सके। इसी कारण उसने गत सायं उसे घेरकर उसके साथ मारपीट करके उसे जख्मी कर दिया। लोगों के एकत्र होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। 

दूसरी ओर बलजिंद्र सिंह व उसके भाई निरदेव सिंह ने बताया कि सुखपाल सिंह ने एक दर्जन लोगों को साथ लेकर उनके घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया व उन्हें जख्मी कर दिया। बलजिंद्र सिंह ने बताया कि 5 साल पहले गांव में हुए पंचायती कार्यों की आर.टी.आई. के जरिए सूचना ली थी जिस कारण उक्त पूर्व सरपंच उससे रंजिश रखता था। इसी कारण उसने उन पर हमला किया व उसकी गाड़ी की भी तोड़-फोड़ कर दी। थाना तलवंडी साबो के ए.एस.आई. धर्मवीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं व अगली कार्रवाई की जा रही है। 

Vatika