हलकी बरसात से बढ़ी ठिठुरन, पारा लुढ़का

punjabkesari.in Tuesday, Jan 22, 2019 - 11:56 AM (IST)

बठिंडा(विजय): मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अनुमान अनुसार पंजाब में सोमवार व मंगलवार को बरसात के आसार हैं जिसके चलते सोमवार को रुक-रुक कर हलकी बरसात हुई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई व पारा लुढ़क गया। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों पर इसका असर पड़ा जिससे ठंड ने भी जोर पकड़ लिया। 

बेशक यह माघ महीने की पहली बरसात है जो मौसम में बदलाव की निशानी है। इस बरसात से किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं, क्योंकि गेहूं की फसल के लिए इसे अच्छा माना गया है। तेज ठंडी हवाओं के साथ लगभग 45 मिनट लगातार हलकी बरसात हुई जबकि रुक-रुककर बरसात होती रही। लोगों ने इस मौसम का खूब आनंद लिया। लोगों को इस बरसात का पहले से बेसबरी से इंतजार था। बरसात से शहर का तापमान न्यूयनतम 10 डिग्री व अधिकतम 18 डिग्री दर्ज किया गया। 

बरसात से शहर का यातायात हुआ प्रभावित
बरसात के चलते लोगों ने छातों का सहारा लिया जबकि कुछ लोग ठंड से बचने के लिए आग सेंकते नजर आए। बरसात से शहर का यातायात प्रभावित हुआ। 2 पहिया वाहन तो सड़कों से गायब ही नजर आए जबकि कारें व बड़े वाहन ही चलते दिखाई दिए। बरसात से निचले क्षेत्रों में पानी भी भरा, लेकिन निगम ने मोटरें चलाकर जलद ही पानी को निकाल दिया। 

गेहूं की फसल के लिए शुभ है बरसात
लोहड़ी के बाद माघ महीने की पहली बरसात गेहूं की फसल के लिए शुभ मानी गई है जिससे किसानों के चेहरे भी खिले नजर आए। धान व कपास की खेती के बाद गेहूं की बिजाई की गई, बरसात पडऩे से फसल की पैदावार अच्छी होने की संभावना है। माहिरों का कहना है कि ठंड व बरसात से गेहूं का दाना मोटा व फूला हुआ होता है जिससे पैदावार में भी वृद्धि होती है। गेहूं का दाना रंगहीन होने से बच जाता है व वजन भी भारी होता है। बरसात से खेतों में गेहूं की फसल लहराने लगी। मंगलवार को भी बरसात होने आसार के है व आसमान में बादल छाए हुए हैं। रात को कभी भी बरसात आ सकती है। 

Vatika