यूथ कांग्रेसी नेता की हत्या का मामला: रिमांड दौरान आरोपियों ने कबूली वारदातें, हथियार बरामद

punjabkesari.in Saturday, Jun 09, 2018 - 03:22 PM (IST)

मानसा (जस्सल): कैंचियों पर बीते दिनों यूथ कांगे्रसी नेता सुखविन्द्र सिंह बग्गी जटाना की हत्या करने वाले 5 आरोपियों को आज 8 दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के उपरांत व कारतूस मुहैया करवाने वाले 2 अन्य आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया। जहां माननीय अदालत ने सातों आरोपियों को 14 दिनों के लिए ज्यूडीशियल रिमांड पर भेज दिया। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार यूथ कांग्रेसी नेता सुखविन्द्र सिंह बग्गी जटाना की हत्या के मामले में मानसा पुलिस की तरफ से निक्का जटाना, रोहित कुमार निवासी जंडियालागुरु, सुखदेव सिंह उर्फ सेबू निवासी मोगा, गुरविन्द्र सिंह निवासी मोगा व सत्कार सिंह निवासी बाघा पुराना से पुलिस रिमांड दौरान पूछताछ की गई। संकेत मिले हैं कि आरोपियों ने पूछताछ दौरान पंजाब व अन्य बाहर के राज्यों से कारें व गाडिय़ां छीनने तथा कत्ल की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकृत की है। यह भी पता चला है कि पुलिस रिमांड दौरान इन आरोपियों की तरफ से कबूला गया कि उनकी तरफ से जिले के शहर सरदूलगढ़ में एच.डी.एफ.सी. बैंक के पास एक आढ़तिए को भी लूटने का यत्न किया गया था, जिसके तहत सरदूलगढ़ पुलिस जल्द प्रोटैक्शन वारंट लेकर उन्हें जिला जेल मानसा से सीधा सरदूलगढ़ ले जाने की तैयारी में है। 

इससे पहले मानसा कैंचियों पर नौजवान कांग्रेसी नेता को सरेआम गोलियां मारकर हत्या करने वाले निक्का जटाना व उसके साथियों ने फेसबुक पर कत्ल करने की जिम्मेदारी ली थी। यह भी पता चला है कि रिमांड दौरान पुलिस ने जहां कत्ल में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए हैं, वहीं इनकी निशानदेही पर जिला अमृतसर से संबंधित गुरजंट सिंह थथियां व सुरकीरत सिंह बटाला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जिन्होंने उक्त आरोपियों को 90 कारतूस मुहैया कराए थे। सभी 7 आरोपियों को आज यहां की माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उक्त सभी आरोपियों को 14 दिनों के लिए ज्यूडीशियल रिमांड पर जिला जेल मानसा भेज दिया। 

Vatika