24 घंटे गुजरने के बाद भी पुलिस अपहरणकर्ताओं का सुराग नहीं ढूंढ पाई

punjabkesari.in Sunday, May 06, 2018 - 12:47 PM (IST)

बठिंडा (विजय): आधी रात को मां के साथ सो रहे 1 वर्षीय बच्चे का अपहरण करने वाले अपहरणकर्ताओं का पुलिस 24 घंटे गुजरने के बाद भी कोई सुराग नहीं ढूंढ पाई। अपहरणकर्ताओं ने ऐसा कोई भी सुराग नहीं छोड़ा जिससे कि वे पकड़े जाएं। पुलिस की आधा दर्जन टीमें इस काम में जुटी हुई हैं परन्तु अभी तक सफल नहीं हो पाईं।

 

इस संबंधी थाना प्रभारी दविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस 3 पहलुओं पर जांच कर रही है जिनमें अवैध संबंध, तांत्रिक गिरोह, बच्चा चुराने वाला गिरोह शामिल हैं। एक माह पहले ही एक वर्षीय रितिक का जन्मदिन मनाया गया था जिससे लगता है कि उसी दिन से गिरोह इनके पीछे पड़ा हुआ था। थाना प्रभारी अनुसार अपहरणकर्ताओं ने रात के अंधेरे में बच्चे को टटोल कर उसका अपहरण किया क्योंकि 3 वर्षीय लड़की भी उसके साथ सो रही थी। पहले उसको हाथ लगाया फिर उसे छोड़ दिया लेकिन लड़के को ही चुराया।

 

उन्होंने बताया कि सायं 6 बजे अपहरणकत्र्ताओं ने घर की रैकी भी की। उन्होंने बताया कि बच्चे के पिता रमेश कुमार ने मोटरसाइकिल द्वारा सफेद रंग की बोलैरो गाड़ी का नरूआना गांव तक पीछा भी किया जहां से वे जोधपुर की ओर मुड़े। पुलिस ने इस रास्ते पर लगे सभी सी.सी.टी.वी. कैमरे भी खंगाले लेकिन अभी तक उनके हाथ कुछ नहीं लगा। उन्होंने कहा कि जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। पुलिस ने आरोपियों के अमृतसर से बुलाए गए विशेषज्ञ रजनीश से स्कैच भी तैयार करवाए जिसे जारी कर दिया गया लेकिन अभी भी कुछ हाथ नहीं लगा।

swetha