रिश्ते शर्मसार: 12 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म का आरोप, पिता फरार
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 05:28 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): जिले के गांव भाईरूपा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। थाना फूल पुलिस ने 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची से कथित दुष्कर्म के आरोप में उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से सहमी और डरी हुई थी। जब उससे इसका कारण पूछा गया तो बच्ची ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामले का खुलासा होने के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर थाना फूल पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

