शादी का झांसा देकर लड़की को 4 साल साथ रखा, मुकरने पर गया जेल

punjabkesari.in Friday, Sep 21, 2018 - 09:45 AM (IST)

बठिंडा (विजय): जिले के गांव कोटफत्ता निवासी 28 वर्षीय युवक गांव की ही लड़की को शादी का झांसा देकर भगा ले गया, 4 साल उसके  साथ गुजारे, लेकिन शादी नहीं की। लड़की ने परिजनों को बताया तो पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार कोटफत्ता निवासी सोहन लाल पुत्र काला सिंह जो दिहाड़ीदार मजदूर है, गांव की ही 25 वर्षीय लड़की को शादी का झांसा देकर भगा ले गया। लड़की वालों ने कुछ दिन तो उनकी तलाश कीस लेकिन वे नहीं मिले। दोनों हिमाचल की धर्मशाला में रहने लगे और युवक वहीं मेहनत मजदूरी करने लगा, यहां तक कि 4 वर्ष तक दोनों इकट्ठे रहे। लड़की उस पर लगातार शादी का दबाव बनाती रही, परन्तु वह उसे बहाने लगाता रहा। आखिर लड़की ने वापिस आकर अपने परिजनों को सारी बात बताई। लड़की ने बताया कि वह 4 साल तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा और उसे चुप रहने की धमकी भी देता रहा। लड़की ने बताया कि वह इतनी डर गई थी कि अपनी जुबान तक नहीं खोल सकती थी। 

हद उस समय हो गई जब लड़के ने उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया तो वह भागकर वापिस कोटफत्ता पहुंची। लड़की के पिता जगसीर सिंह ने कोटफत्ता पुलिस में मामला दर्ज करवाया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी गुरप्यार सिंह ने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। लड़की के पिता के अनुसार आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर भगा ले गया था और उसे बेहोशी की दवा पिला दी गई। जब लड़की को होश आया तो वह हिमाचल प्रदेश के किसी गांव में थी। कई बार आरोपी उसे अकेली छोड़कर ही भाग जाता था और लड़की को जुबान न खोलने की धमकी भी देता था। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को दुष्कर्म के मामले में जेल भेज दिया। 

Vatika