रिक्शा रेहड़ी मजदूर यूनियन ने घेरा डी.सी. दफ्तर, दिया धरना
punjabkesari.in Wednesday, Jun 13, 2018 - 10:07 AM (IST)

मानसा (जस्सल): जिला प्रशासन की तरफ से मोटरसाइकिल रेहड़ी चलाने पर लगाई जा रही रोक के खिलाफ डा. अम्बेदकर रिक्शा रेहड़ी मजदूर यूनियन (एकटू) की तरफ से आज शहर में प्रदर्शन करते हुए डी.सी. दफ्तर तक रोष मार्च किया गया।
भड़के हुए मजदूरों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डी.सी. दफ्तर का मुख्य गेट घेर कर धरना लगा दिया जिसके बाद एस.एच.ओ. सिटी 2 जसवीर सिंह द्वारा जिला प्रशासन के साथ बातचीत कर मजदूरों के काटे जा रहे चलान तुरंत बंद करने का भरोसा देने पर व 13 जून को 10 बजे डी.सी. मानसा के साथ मजदूर नेताओं की बैठक का भरोसा देने के बाद धरना उठा लिया गया। इस दौरान सी.पी.आई. (एम.एल.) लिबरेशन के प्रांतीय कमेटी नेता कामरेड गुरजंट सिंह मानसा, ऑल इंडिया सैंट्रल कौंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन (एकटू) के जिला नेता कामरेड अमरीक समाओ, डा. अम्बेदकर रेहड़ी यूनियन के जरनैल सिंह मानसा ने कहा कि यदि कल बैठक दौरान कोई हल न निकला तो 14 जून को एक बड़ा इकट्ठ किया जाएगा।