7 कार्यकर्त्ताओं के दम पर भाजपा पंजाब में अकेले चुनाव लडे़गी?

punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2019 - 01:37 PM (IST)

बठिंडा (विजय): कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा का कमल खिलाने की चाहत के लिए केंद्रीय नेताओं ने जमकर प्रचार किया तथा कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों के सफाए का दम भी भरा। मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा 2 बार सरकार बनाने में सफल रही लेकिन उप-चुनाव में करारी मात व महाराष्ट्र में शिवसेना से तोड़-विछोडे़ को लेकर भाजपा का ग्राफ गिरता जा रहा है।

ऐसी ही तस्वीर बठिंडा में भी देखने को मिली, जब भाजपा की संकल्प यात्रा में केवल 7 कार्यकर्त्ता ही एकत्रित हुए। पार्टी ने प्रत्येक जिले में संकल्प यात्रा करने के निर्देश जारी किए थे। पूरे जिले की संकल्प यात्रा में केवल 7 कार्यकर्त्ताओं का पहुंचना भाजपा के लिए शर्म की बात है। यह वहीं पार्टी है, जिसने सदस्यता भर्ती अभियान में भाजपा की गिनती 2 गुणा करने का दावा किया था। दावे की फूक उस समय निकली जब संकल्प यात्रा में केवल 7 कार्यकर्त्ता ही जुडे़। इस यात्रा का आयोजन भाजपा के जिला अध्यक्ष शहरी विनोद बिंटा ने किया था, जो स्वयं ही यात्रा में एक घंटा देरी से पहुंचे। कार्यकर्त्ताओं ने अपने कद से भी ऊंचे झंडे फहराते हुए संदेश दिया कि भाजपा का झंडा हमेशा बुलंद रहेगा, बेशक कार्यकर्त्ता न जुड़ें।

सोमवार को राफेल मुद्दे पर भाजपा प्रशंसा यात्रा कर रही थी, जिसमें कार्यकर्त्ताओं का आंकड़ा 2 दर्जन को पार नहीं कर पाया। कुछ तो नेता ऐसे थे जो केवल हाजिरी लगवाकर ही समारोह से चलते नजर आए, जबकि अधिकतर कार्यकर्त्ताओं ने इस यात्रा को तवज्जो नहीं दी। जिले में अगर भाजपा का यही हाल रहा तो वह दिन दूर नहीं जब चुनावों में भाजपा ओंधे मुंह गिरेगी। चुनावों से पहले तक लोग भाजपा के साथ जुड़ते रहे लेकिन अब शहर वासियों ने भी भाजपा से दूरियां बनानी शुरू कर दीं। भाजपा के छोटे से लेकर बडे़ नेताओं के मुंह में एक ही बात है कि पंजाब में अगला चुनाव भाजपा अपने दम पर लडे़गी, जबकि जनतक समारोह में भाजपा कार्यकर्त्ताओं की गिनती नामात्र रह गई।

Vatika