कृषि अध्यादेशों पर प्रकाश सिंह बादल का बयान धृतराष्ट्र जैसा: जाखड़

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2020 - 12:13 PM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की ओर से पहली बार कृषि अध्यादेशों का समर्थन करने पर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने तीखा व्यंग्य किया। जाखड़ ने व्यंग्य भरे लहजे में उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने सही समय पर शिअद की कमान दोबारा संभाली है। प्रकाश सिंह बादल के स्वास्थ्य की कामना करते हुए जाखड़ ने कहा कि आज शिअद की साख सबसे निचले स्तर पर है। सुखबीर बादल को पंजाब की जनता व्यापारी के तौर पर देखती है, उन्हें कभी किसान समॢथत नेता नहीं समझा गया। इसीलिए प्रकाश सिंह बादल को आज मैदान में उतरना पड़ा है। 

पंजाब के मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि कांग्रेस कृषि अध्यादेश पर प्रोपेगैंडा अपना रही है। जाखड़ ने कहा कि उन्हें इस बात का खेद भी है कि बादल का बयान धृतराष्ट्र जैसा है। वह अपने पारिवारिक मोह और केंद्र में कुर्सी के मोह में इस कदर उलझे हुए हैं कि कृषि अध्यादेशों से होने वाला नुक्सान दिखाई नहीं दे रहा। इन अध्यादेशों से पंजाब का किसान मजदूर बन जाएगा। जाखड़ ने कहा कि प्रकाश सिंह बादल खुद किसान रहे हैं, इसलिए उनसे ऐसे बयान की उम्मीद नहीं थी। अगर बादल आज अध्यादेशों के साथ खड़े होते हैं तो क्या यह राज्य के अधिकार को केंद्र के हाथों में सौंपने जैसा नहीं होगा। जाखड़ ने कहा कि प्रकाश सिंह बादल से उनकी सिर्फ यही गुजारिश है कि वह अपना असली चेहरा जनता को दिखाएं।

Vaneet