शिअद ने गिरफ्तार सिख युवकों को कानूनी सहायता के लिए बनाई कमेटी

punjabkesari.in Thursday, Mar 23, 2023 - 07:23 PM (IST)

चंडीगढ़ डेस्क : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने आज घोषणा की कि पार्टी पंजाब में चल रही गैर-संवैधानिक कार्रवाई में गिरफ्तार सभी बेकसूर सिख नौजवानों को कानूनी सहायता देकर यह सुनिश्चित करेगी कि सरकार द्वारा उनके अधिकारों का हनन न किया जाए।

अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि यह बेहद ङ्क्षनदनीय है कि महज शक के आधार पर कई नौजवानों को अंधाधुंध गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अकाली दल के लीगल सैल के अध्यक्ष अर्शदीप सिंह कलेर के नेतृत्व में एक राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है, जो जिलों में पार्टी नेताओं के साथ समन्वय कर जहां कानूनी सहायता वांछित होगी, तुरंत कानूनी सहायता देगी।

उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि सिख युवाओं से हो रहे अन्याय को राज्य कमेटी के संज्ञान में लाया जाए ताकि उन्हें न्याय दिलाया जा सके। कलेर ने खुलासा किया कि चंडीगढ़ में वरिष्ठ एडवोकेट्स की स्टेट कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी के सदस्यों में हरीश राय ढांडा, अमरदीप सिंह धरनी, भगवंत सिंह सियालका, गुरमीत सिंह मान, जसदेव सिंह, परमप्रीत सिंह पॉल, जसप्रीत सिंह बराड़, परमप्रीत सिंह बाजवा, जुबीन छूरा, रविंद्र सिंह सांपला, गुरवीर सिंह सिद्धू, परमबीर सिंह सन्नी तथा मनप्रीत सिंह धालीवाल शामिल हैं।

News Editor

Parveen Kumar