Force 3 में नया ट्विस्ट: Harshvardhan Rane और Tanya Maniktala की एंट्री

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 02:06 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड के 'एक्शन किंग' जॉन अब्राहम एक बार फिर अपने सबसे फेमस अवतार ACP यशवर्धन सिंह के रूप में बड़े पर्दे पर दहाड़ने के लिए तैयार हैं। उनकी सुपरहिट एक्शन-थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'फोर्स' के तीसरे पार्ट की शूटिंग इन दिनों पूरी रफ्तार से चल रही है. फिल्म का पहला शेड्यूल काफी हद तक पूरा हो चुका है और सेट से आ रही खबरें फैंस का एक्साइटमेंट बढ़ाने के लिए काफी हैं. इस बार फिल्म का डायरेक्शन 'खाकी: द बिहार चैप्टर' फेम भव धूलिया कर रहे हैं, जो अपनी दमदार कहानियों के लिए जाने जाते हैं. खास बात यह है कि इस बार जॉन के साथ बॉक्स ऑफिस पर हिट की हैट्रिक लगाने वाले हर्षवर्धन राणे और 'ए सूटेबल बॉय' से दिल जीतने वाली तान्या मानिकतला भी लीड रोल में नजर आएंगी।

 

फिल्म की स्टारकास्ट
'फोर्स 3' को जॉन अब्राहम की जेए एंटरटेनमेंट और शील कुमार की कैरोलिना कॉरपोरेशन मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. इस बार फिल्म में हर्षवर्धन राणे की एंट्री ने सबको चौंका दिया है. हालांकि, फिल्म में उनके किरदार को अभी सीक्रेट रखा गया है, लेकिन जॉन अब्राहम उन्हें एक बड़े एक्शन हीरो के तौर पर पेश करने जा रहे हैं. वहीं तान्या मानिकतला इस बार फिल्म में लीड एक्ट्रेस के तौर पर अपनी चमक बिखेरेंगी. जॉन ने अपनी इस फ्रेंचाइजी को लेकर कहा कि 'फोर्स' के पास एक ऐसी पहचान और दम है जिससे दर्शक सालों से जुड़े हुए हैं, और इस बार इस फ्रेंचाइजी को और भी बड़े पैमाने पर ले जाया जा रहा है.

 

फिल्म से जुड़ने पर हर्षवर्धन राणे काफी एक्साइटेड नजर आए. उन्होंने इसे अपने लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि जॉन सर के साथ स्क्रीन शेयर करना और भव धूलिया के सिनेमाई विजन का हिस्सा बनना किसी सौभाग्य से कम नहीं है. वहीं तान्या मानिकतला ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि दो दिग्गज एक्टर्स के साथ काम करना उनके लिए एक बड़ा मौका है. तान्या के मुताबिक, इस फिल्म में उनका किरदार काफी खास है और वह इसे लेकर अपनी पूरी जान झोंकने के लिए तैयार हैं।


डायरेक्टर भव धूलिया के लिए यह फिल्म भावनाओं से जुड़ी है. उन्होंने बताया कि 'फोर्स' के पहले पार्ट में उन्होंने दिवंगत डायरेक्टर निशिकांत कामत को असिस्ट किया था, इसलिए इस फ्रेंचाइजी में वापस लौटना उनके लिए 'घर वापसी' जैसा है. भव का मानना है कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट बहुत दमदार है और वह जॉन, हर्षवर्धन और तान्या की इस तिगड़ी के साथ कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. प्रोड्यूसर शील कुमार ने भी जॉन के साथ अपने पुराने रिश्तों को याद करते हुए फिल्म की सफलता पर पूरा भरोसा जताया है।


'फोर्स 3' के मेकर्स में शील कुमार, शाहबाज आलम, जॉन अब्राहम, संदीप लेजेल और मिनाक्षी दास जैसे बड़े नाम शामिल हैं. फिल्म की कहानी सीमाब हाशमी ने लिखी है, जबकि म्यूजिक की कमान मशहूर कंपोजर रवि बसरूर के हाथों में है. फिल्म के गानों को इरशाद कामिल की कलम ने सजाया है. एक्शन के शौकीनों के लिए यह फिल्म 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyotsna Rawat

Related News