गेहूं की गुणवत्ता जांचने मुक्तसर पहुंची केंद्रीय टीम, किसानों ने मांगी नियमों में ढील
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 04:51 PM (IST)
श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): केंद्र सरकार की विशेष टीम ने मुक्तसर जिले की भलाईआना, मलोट और मुक्तसर अनाज मंडियों का दौरा करके गेहूं की क्वालिटी की बारीकी से जांच की। टीम द्वारा मंडी में आ रही गेहूं के नमूने इकट्ठे करके नमी, दानों की हालत और रंग आदि की जांच की गई। इस मौके अधिकारियों ने बताया कि ओलावृष्टि और भारी बारिश के प्रभाव से कई जगहों पर गेहूं के दाने काले पड़ गए हैं और कुछ में अंकुरण भी हो गया है, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हुई है।
इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं टीम के सामने रखते हुए मांग की कि नुकसान ग्रस्त गेहूं की खरीद के समय नमी, दानों की हालत और रंग आदि के नियमों में ढील दी जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। जांच टीम में शामिल केंद्र सरकार के अधिकारी अभिषेक पांडे समेत एफ.सी.आई. ए.जी.एम. (क्वालिटी) नीनावत्थ रामउलू, मैनेजर (क्वालिटी) सोहन सिंह मीना, मैनेजर एफ.सी.आई. संजय कुमार, गुरी शंकर टी.ए. आदि अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि वह अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजेंगे और जल्द ही इस मामले में फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मंडियों में आ रहे अनाज की सख्त निगरानी की जा रही है, ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत न आए। इस अवसर पर मुक्तसर जिले के डी.एफ.एस.ओ. गुरतार सिंह बुट्टर, ए.एफ.एस.ओ. मनिंदर सिंह, खरीद एजैंसियों के अधिकारी हरमीत सिंह जौड़ा, सुनील कुमार, अमरिंदर सिंह, वरिंदर सिंह, बिक्रमजीत सिंह, रमनदीप समाघ के अलावा आढ़तियों और किसानों की मौजूदगी में निरीक्षण टीम द्वारा मंडियों में गेहूं के सैंपल इकट्ठे करके जांच के लिए भेजे गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

