विदेशी लड़कियां बताकर विवाह का झांसा देने वाले गिरोह का पर्दाफाश

punjabkesari.in Sunday, Mar 24, 2019 - 12:58 PM (IST)

फरीदकोट (राजन): गिरोह में शामिल लड़कियों के फर्जी पासपोर्ट बनाकर कनाडा की निवासी बताकर भोले-भाले लोगों के लड़कों के साथ रिश्ते व विवाह करवाकर लाखों की ठगी मारने वाले गिरोह का जिला पुलिस की तरफ से पर्दाफाश करके इस गिरोह की सरगना को काबू कर लिया गया है। इस संबंधी आज यहां गुरमीत कौर पी.पी.एस. कप्तान पुलिस ने प्रैस कान्फ्रैंस कर बताया कि पुलिस विभाग को एक शिकायत सरदूल सिंह पुत्र संतोख सिंह निवासी गांव गोलेवाला से प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच जिले के सीनियर पुलिस कप्तान राजचबन सिंह संधू की तरफ से उनको सौंपी गई थी।

उन्होंने बताया कि जांच दौरान यह तथ्य सामने आए कि नरिन्द्र पूरेवाल पुत्री मोहन सिंह जालंधर ने एक लड़की मनप्रीत धालीवाल उर्फ परवीन कौर को अपनी रिश्तेदार और कनाडा निवासी बताकर उसका विवाह शिकायतकत्र्ता के लड़के परविन्दर सिंह निवासी गोलेवाला के साथ 29 जनवरी, 2017 को यहां की शाही हवेली में करवाया था तथा इस मौके शिकायतकर्ता से 30 लाख रुपए नकद और 4 तोले सोना भी लिया था। विवाह के बाद लड़की गोलेवाला में करीब 3 महीने रही और इसके बाद विदेश जाने का बहाना बनाकर नरिन्दर पुरेवाल के साथ चली गई। उन्होंने बताया कि पड़ताल दौरान यह स्पष्ट हुआ कि लड़की कनाडा निवासी नहीं थी और इन्होंने गगनदीप सिंह निवासी अमृतसर के साथ मिलकर नकदी व सोने की ठगी मारी। उन्होंने बताया कि पुलिस की तरफ से इस मामले में मुकद्दमा दर्ज करके नरिन्दर पुरेवाल को गिरफ्तार कर लिया है।


इसके अलावा एक और शिकायत गुरचरन सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी गोबिन्दगढ़ तहसील जैतो से प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच समय यह सामने आया कि गिरफ्तार की गई महिला आरोपी नरिन्दर पुरेवाल ने एक अन्य लड़की सिमरन सैनी उर्फ रुबीना शर्मा निवासी बेदीपुर जालंधर का फर्जी पासपोर्ट बनाकर उसको कनाडियन बताकर गोलेवाला निवासी मास्टर परमपाल के साथ साजबाग होकर उक्त लड़की रुबीना शर्मा का रिश्ता शिकायतकर्ता गुरचरन सिंह के लड़के सुखवीर सिंह के साथ मई 2018 में करवाकर 55 लाख रुपए लेकर ठगी मारी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भी गिरफ्तार महिला के साथ-साथ लड़की रुबीना शर्मा और मास्टर परमपाल सिंह विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज किया गया है।

लोगों को ब्लैकमेल कर वसूलते हैं मोटी रकम
पुलिस ने खुलासा किया कि जांच दौरान यह स्पष्ट हो गया कि महिला आरोपी नरिन्दर पुरेवाल ने अन्य के साथ मिलकर एक गैंग बनाया हुआ है और यह भोले-भाले लोगों को विदेशों के सपने दिखाकर जाली शादियां करवाकर विभिन्न स्थानों से लाखों रुपए की ठगी मारने के अलावा लोगों को ब्लैकमेल करके मोटी रकम वसूलते हैं। यदि कोई रकम देने से मना करता है तो उनके खिलाफ झूठे मुकद्दमे दर्ज करवा देते थे।

महिला आरोपी पुरुषों के खिलाफ अब तक करवा चुकी है 18 मुकद्दमे दर्ज
पुलिस ने बताया कि महिला आरोपी की लड़की पिंका पुरेवाल जो कनाडा में रहती है, ने जनवरी 2018 में एक शिकायत की थी कि उसकी माता महिला आरोपी नरिन्दर पुरेवाल सैक्स रैक्ट चलाती है और लोगों के साथ ठगी मारने की आदी है तथा इसके खिलाफ कई मुकद्दमे भी दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि महिला आरोपी नरिन्दर पुरेवाल ने अपने गैंग की लड़कियों से पुरुषों खिलाफ दिल्ली, अमृतसर, लुधियाना, मोगा व खन्ना में 18 मुकद्दमे दर्ज करवाए हुए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 8 मुकद्दमे लुधियाना के हैं।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी : पी.पी.एस. कप्तान
गुरमीत कौर पी.पी.एस. कप्तान पुलिस ने बताया कि इस गैंग में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पाॢटयों की तरफ से छापेमारी जारी है, जबकि गिरफ्तार की गई महिला आरोपी से पूछताछ करने के लिए पुलिस कार्रवाई जारी है। इस मौके पर जगनदीप कौर इंचार्ज वूमैन सैल भी उपस्थित थी।

Anjna