कंबाइन खरीद के नाम पर लाखों की ठगी, महिला गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 05:24 PM (IST)
फरीदकोट (राजन): फरीदकोट के थाना सिटी-2 की पुलिस ने कंबाइन खरीदने के नाम पर 10 लाख 50 हजार रुपए की ठगी के मामले में 3 महिलाओं पर केस दर्ज कर 1 आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। कोटसुखियां गांव के निवासी कृष्ण सिंह ने शिकायत में बताया कि वह खेती-किसानी का काम करते हैं और कंबाइन खरीदना चाहते थे। फरीदकोट निवासी लवप्रीत कौर के पास कंबाइन होने की जानकारी मिलने पर वह अपने बेटे के साथ सौदा तय करने पहुंचे।
दोनों पक्षों के बीच 10 लाख 50 हजार रुपए में सौदा पक्का हुआ, जिसके बाद कृष्ण सिंह ने 50 हजार रुपए बयाना और बाद में 10 लाख रुपए दे दिए। पूरी रकम चुकाने के बावजूद उन्हें शुरुआत में कंबाइन के कागजात नहीं सौंपे गए। बाद में जब वह दोबारा आरोपी के घर पहुंचे तो उन्हें जो आर.सी. दी गई, वह जांच करने पर फर्जी निकली।
इसके अलावा कंबाइन पर बैंक लोन भी चल रहा था और उसका नंबर भी दस्तावेजों से मेल नहीं खा रहा था। जब कृष्ण सिंह ने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें धमकियां दी गईं। पुलिस ने लवप्रीत कौर, सिमरनजीत कौर और संदीप कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी सिमरनजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।\
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

