5 लाख छीनने वाले तीसरे दिन राशि सहित गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 01, 2019 - 12:03 PM (IST)

फरीदकोट(हाली,राजन): फरीदकोट पुलिस ने उन 3 लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जिन्होंने 3 दिन पहले यहां की भान सिंह कालोनी से सिंडीकेट बैंक की सहायक मैनेजर से 5 लाख रुपए छीन लिए थे। यह जानकारी जिला के सीनियर पुलिस कप्तान मनजीत सिंह ढेसी ने दी। इस मौके उनके साथ एस.पी. सेवा सिंह मल्ली, डी.एस.पी. जसतिन्द्र सिंह व सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज इंस्पैक्टर इकबाल सिंह विक्की संधू भी उपस्थित थे। सीनियर पुलिस कप्तान ने बताया कि 26 सितम्बर शाम को 3 अज्ञात मोटरसाइकिल सवार नौजवानों ने शाम 6 बजे सहायक बैंक मैनेजर श्रेया चौधरी से उसका बैग छीन लिया था, जिसमें 5 लाख रुपए व अन्य जरूरी सामान था। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत अधिकारियों की निगरानी में सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई जिसमें गुरजंट सिंह, जगसीर सिंह, लखवीर सिंह व नगिन्द्र सिंह शामिल थे। 

इस गठित टीम ने 2 दिनों में ही इस मसले को हल कर दिया। इस मामले में 3 नौजवान सुखदेव सिंह उर्फ गबरी, परविन्दर सिंह उर्फ दर्पण व जोगा सिंह उर्फ जोरावर सिंह तीनों वासी कोटकपूरा को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज इकबाल सिंह विक्की संधू को शाबाशी देते हुए कहा कि वह इस मामले की और गहराई से जांच करें ताकि इन तीनों नौजवानों की आपराधिक बैकग्राऊंड का पता चल सके। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों नौजवानों से 4 लाख 34 हजार रुपए नकद, पर्स, मोबाइल, वारदात मौके प्रयोग किया गया मोटरसाइकिल, खंडा व एक बेसबॉल बरामद कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस कप्तान ने कहा कि पकड़े गए नौजवानों से गहराई से पूछताछ की जा रही है, जिनसे कई तरह के अन्य राज खुलने की संभावना है।

Edited By

Sunita sarangal