चोरों ने एक ही रात में 3 घरों में बोला धावा

punjabkesari.in Wednesday, May 16, 2018 - 11:50 AM (IST)

जैतो (गुरमीत): गांव रोड़ीकपूरा में चोर गत रात 3 घरों में धावा बोल कर एक घर में से बड़ी संख्या में सामान चोरी कर ले गए। पुलिस को दी सूचना अनुसार चोरों ने गांव की अनाज मंडी के नजदीक जसकर्ण सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, पंजाब रोडवेज मुलाजिम जगसीर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह और गुरप्यार सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह के घरों में यह चोरी की वारदात की। थाना जैतो से ए.एस.आई. रणजीत सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ पहुंच कर जांच आरंभ कर दी।

जसकर्ण सिंह ने बताया कि  गत रात वह और उसकी पत्नी अंदर सोए हुए थे और उसके भाई जगसीर सिंह का परिवार साथ लगते घर में सोया हुआ था। उसने सुबह 4 बजे देखा कि उसके घर का दरवाजा जोकि अंदर से बंद था, उस समय खुला हुआ था। जसकर्ण सिंह के अनुसार जब उसने देखा तो कमरे में रखी अलमारी खुली पड़ी थी व सामान बिखरा पड़ा था। उसने बताया कि चोर घटना के दौरान उसके घर से 12 तोले सोना और 4500 नकदी ले गए हैं। इसके साथ ही इन चोरों ने साथ लगते जसकर्ण के भाई जगसीर सिंह के घर में भी दाखिल होकर वहां रखा सामान बिखेर दिया। जगसीर सिंह के अनुसार उसके घर में से कोई नुक्सान नहीं हुआ है।

बताने योग्य है कि जगसीर सिंह के घर  का निर्माण कार्य जारी है जिस कारण मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। इस दौरान चोरों ने जगसीर सिंह के इस दरवाजे में से ही अंदर आकर दोनों घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया हो सकता है। वहीं गुरप्यार सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह ने बताया कि जब वह सुबह उठा तो उसने देखा कि उसका फोन गायब था और उसके घर के एक कमरे का भी सामान बिखरा हुआ था।

Anjna