भारत-पाक सीमा पर BSF व सेवा भारती ने लगाए 470 फलदार पौधे

punjabkesari.in Tuesday, Jul 16, 2019 - 11:13 AM (IST)

फाजिल्का(लीलाधर,नागपाल): भारत-पाक सरहद की चौकी भैणी दिलावर के निकट सीमा सुरक्षा बल की 5 एकड़ जमीन पर बी.एस.एफ. व सेवा भारती फाजिल्का ने संयुक्त रूप से आम, जामुन, अमरूद, बेरी व अन्य फलों के 470 पौधे लगाए। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल अबोहर रेंज के कार्यवाहक डी.आई.जी. धीरेंद्र कुमार सिंह व 96वीं बटालियन के कमांडैंट दिनेश कुमार ने भारत माता की जय के जयघोषों के बीच पौधारोपण की शुरूआत की। 

सेवाभारती पंजाब के उप-प्रधान कृष्ण अरोड़ा ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के अलावा 100 बी.एस.एफ. के जवानों, 50 सीमावर्ती स्कूल के छात्र-छात्राओं के अलावा 200 ग्रामीणों ने पौधे लगाए व देखभाल करने का प्रण लिया। इस अवसर पर डी.आई.जी. धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वृक्षों से हमारा वातावरण शुद्ध रहता है, वहीं फलदार वृक्षों से सरहद के आसपास फल भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के बाद उनकी संभाल करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। दिनों दिन कम होती जा रही वृक्षों की संख्या से वातावरण बदल रहा है जिससे बीमारियां फैलने का अंदेशा है। इसलिए लोगों को अपने आसपास पौधे लगाकर उनकी देखभाल का जिम्मा आज से उठाना चाहिए। 

इस अवसर पर बॉर्डर एरिया विकास फ्रंट के प्रधान लीलाधर ने कहा कि सरहद पर लगे 470 पौधों की देखभाल करने वालों को इसी जगह पौधों का जन्मदिन मनाकर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस मौके सेवा भारती के प्रोजैक्ट चेयरमैन अशोक शर्मा ने बताया कि आज से सरहद की पवित्र मिट्टी में पौधारोपण का शुभारंभ कर पर्यावरण जागरूकता अभियान की शुरूआत की गई है जोकि 15 अगस्त तक चलेगा। सभा के प्रवक्ता भगत सिंह ने सेवाभारती द्वारा देश भर में किए जा रहे सामाजिक कार्यों बारे जानकारी दी। 

Vatika