फिरोजपुर कैंट बोर्ड ने अवैध निर्माण गिराए, जे.सी.बी. और बुल्डोजर चले

punjabkesari.in Sunday, Jul 22, 2018 - 04:16 PM (IST)

फिरोजपुर(कुमार): कैंट बोर्ड फिरोजपुर के चीफ एग्जीक्यूटिव अफसर दमन सिंह के दिशा-निर्देशानुसार आज कैंट बोर्ड फिरोजपुर ने छावनी क्षेत्र में जे.सी.बी. व बुल्डोजर चलाते हुए बहुत से अवैध निर्माण गिरा दिए। यह जानकारी देते हुए बोर्ड के एस.डी.ओ. सतीश कुमार अरोड़ा ने बताया कि छावनी क्षेत्र की कुम्हार मंडी और गली नंबर 7 में कई लोगों की तरफ से बहुत से अवैध निर्माण किए गए थे, जिन्हें गिराने के लिए कैंट बोर्ड फिरोजपुर की तरफ से समय-समय पर उन्हें नोटिस दिए गए थे, मगर उन्होंने अवैध निर्माण नहीं गिराए थे, जिस कारण छावनी क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए कानून व नियमों के अनुसार बोर्ड की टीमों की तरफ से ये अवैध निर्माण गिरा कर क्षेत्र को खाली करवाया गया है। इंजीनियर सतीश अरोड़ा ने बताया कि इन अवैध निर्माणों के कारण छावनी क्षेत्र में कई नालियां बंद हुई पड़ी थीं और बारिश होने से आगे व पीछे गलियों में पानी भर जाता था। 

क्या कहते हैं चीफ एग्जीक्यूटिव अफसर दमन सिंह
फिरोजपुर कैंट बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव अफसर दमन सिंह ने छावनी क्षेत्र के लोगों से अवैध निर्माण न करने की अपील करते हुए कहा कि लोग कानून के अनुसार निर्माण करें, क्योंकि अगर कोई व्यक्ति छावनी क्षेत्र में कानून की उल्लंघना करते हुए अवैध निर्माण करता है तो उसे कानून के अनुसार गिरवाना कैंट बोर्ड की मजबूरी बन जाती है। 

क्या कहते हैं कौंसलर जोरा सिंह संधू
कैंट बोर्ड फिरोजपुर छावनी के कौंसलर जोरा सिंह संधू ने संपर्क करने पर बताया कि अगर हमने फिरोजपुर छावनी का सर्वपक्षीय विकास करवाना है और इसे सुन्दर बनाना है तो ऐसे अवैध निर्माण और घरों के आगे की गई करीब अढ़ाई-तीन फुट की एनक्रोचमैंट को हमें खत्म करना होगा। 
 

उन्होंने कहा कि 7 नंबर गली उनके वार्ड में आती है और उन्होंने सी.ई.ओ. दमन सिंह से इस गली को छावनी की मॉडल गली बनाने के लिए अपील की और घर-घर जाकर लोगों को समझाया कि अगर हम घरों के आगे बनाए गए थड़े व अन्य अवैध निर्माण गिरा देते हैं तो उनकी गली खूबसूरत हो जाएगी। कौंसलर जोरा सिंह संधू ने बताया कि कैंट बोर्ड की तरफ से लोगों को विश्वास में लेकर ये अवैध निर्माण गिराए गए हैं। उन्होंने कहा कि कौंसलरों को चाहिए कि वे अपने-अपने एरिया के लोगों को बड़े प्यार से समझाएं व अवैध निर्माण गिरवाने के लिए लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ें और फिरोजपुर छावनी को मॉडल छावनी बनाएं। दूसरी ओर कुछेक लोगों में रोष भी देखा गया। 

Punjab Kesari