अनिकेत भंडारी ब्लाइंड मर्डर : 2 हत्यारे गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Nov 17, 2018 - 11:01 AM (IST)

फिरोजपुर(कुमार): दीपावली की रात को फिरोजपुर में करीब 16-17 वर्षीय युवक अनिकेत भंडारी पुत्र सुभाष भंडारी वासी भारत नगर फिरोजपुर शहर के हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सब-इंस्पैक्टर गुरदेव सिंह के नेतृत्व में थाना सदर की पुलिस ने सुलझा ली है और अनिकेत भंडारी की हत्या करने वाले दोनों कथित हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है। 

एक्टिंग एस.एच.ओ. गुरदेव सिंह ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ फिरोजपुर के सहयोग से सदर पुलिस ने कथित हत्यारों की तरफ से हत्या करने में प्रयोग किए तेजधार हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है। सब इंस्पैक्टर गुरदेव सिंह ने बताया कि 7 नवम्बर को गश्त के दौरान हवलदार अमरजीत सिंह ने सी.आर.पी. ग्राऊंड फिरोजपुर में पड़े सरकंडे में एक युवक की खून से लथपथ लाश देखी और पुलिस ने इस अज्ञात युवक का शव पहचान के लिए 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर में रखा था। मृतक की पहचान होने पर उसके पिता ने अनिकेत के दोस्तों बावा मट्टू पुत्र तसरेम मट्टू वासी बानो वाली वेहड़ा, भारत नगर फिरोजपुर शहर और गुरविन्द्र सिंह गोरी पुत्र देवा वासी गांव रटोल रोही पर हत्या करने का आरोप लगाया था। 

एस.एच.ओ. ने बताया कि पुलिस ने नामजद इन दोनों कथित हत्यारों को गिरफ्तार करके जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने पुलिस के समक्ष माना कि उनमें और अनिकेत के बीच 2 लड़कियों के प्यार को लेकर आपसी रंजिश थी। कथित हत्यारों ने पुलिस के समक्ष माना कि अनिकेत की हत्या करने का षड्यंत्र रच कर उसको दीपावली की रात अपने साथ सी.आर.पी.एफ. ग्राऊंड में ले गए, जहां उन्होंने अनिकेत की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी और उसकी लाश को खुर्द-बुर्द करने की भी कोशिश की। उन्होंने बताया कि कथित हत्यारों को अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड लिया गया है।

swetha