2 चौकीदारों को बंदी बना दशमेश एग्रो इंडस्ट्री में की लूट

punjabkesari.in Thursday, Sep 19, 2019 - 09:08 AM (IST)

जीरा(गुरमेल): गांव सेखवां में स्थापित दशमेश एग्रो इंडस्ट्री के शैलर में से बीती रात अज्ञात लुटेरों ने 2 चौकीदारों को हथियारों की नोक पर बंदी बनाकर वहां से स्विफ्ट कार, 1 ट्रैक्टर और 1 स्कूटर लूट लिया और घटनास्थल से फरार हो गए। इस घटना से आसपास के क्षेत्रों के लोगों में भय का माहौल है। क्षेत्र में दिन-ब-दिन लूटपाट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं जिन पर अंकुश लगाना बहुत जरूरी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दशमेश एग्रो इंडस्ट्री के सिराज गुलाटी और अभिषेक मित्तल तलवंडी भाई ने बताया कि बीती रात 9 अज्ञात लुटेरे हथियारों से लैस होकर शैलर में घुसे। उन्होंने हथियारों के बल पर शैलर के चौकीदारों बलविन्द्र सिंह व काला सिंह को बंदी बना लिया जिसके पश्चात आरोपी शैलर में खड़ी कार, 1 ट्रैक्टर व 1 स्कूटी वहां से चोरी करके ले गए। उन्होंने बताया कि चोर इतने शातिर थे कि वे जाते समय शैलर में लगे कैमरे और डी.वी.आर. भी साथ में ले गए हैं। 

उधर, इस घटना की जानकारी मिलने पर डी.एस.पी. जीरा राजविन्द्र सिंह रंधावा ने थाना जीरा के इंस्पैक्टर बचन सिंह, सी.आई.ए. स्टाफ के इंस्पैक्टर परमजीत सिंह फिरोजपुर, फोरेंसिक स्टाफ फिरोजपुर के सहायक इंचार्ज सोमनाथ, ए.एस.आई. वन सिंह और पिपल सिंह सहायक इंस्पैक्टर के साथ घटना का जायजा लिया और इस दौरान पुलिस के फोरेंसिक स्टाफ की टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट भी लिए हैं। डी.एस.पी. राजविन्द्र सिंह रंधावा ने बताया कि पुलिस शैलर के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को चैक कर रही है और जल्द इस घटना को अंजाम देने वाले लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  

Edited By

Sunita sarangal