भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते डी.एस.पी. हैडक्वार्टर औलख का तबादला

punjabkesari.in Thursday, May 24, 2018 - 01:31 PM (IST)

फिरोजपुर (मल्होत्रा): भ्रष्टाचार से परेशान शहरियों का एक शिष्टमंडल व्यापार मंडल प्रधान चन्द्रमोहन उर्फ लालो हांडा की अध्यक्षता में विधायक परमिन्द्र सिंह पिंकी को मिला। लोगों ने इस बात को लेकर एतराज जताया कि वह जब भी पुलिस के पास काम के लिए जाते हैं तो उन्हें भ्रष्टाचार का शिकार होना पड़ता है। 

व्यापारियों और आम लोगों की इस शिकायत के बाद विधायक परमिन्द्र सिंह पिंकी ने जब पूरे मामले की गहन जांच करवाई तो डी.एस.पी. हैडक्वार्टर एम.एस. औलख के विरुद्ध अधिकतर लोगों ने शिकायतें दर्ज करवाईं। विधायक परमिन्द्र सिंह पिंकी ने बताया कि यह पूरा मामला उन्होंने डी.जी.पी. और सरकार के ध्यान में लाया, इसके बाद औलख का तबादला कर विजीलैंस जांच शुरू करवा दी गई है। पिंकी ने कहा कि महंगाई के इस युग में जहां किसान, व्यापारी दो वक्त की रोटी के जुगाड़ के लिए परेशान हैं और अगर कोई पुलिस अधिकारी या सिविल प्रशासन का कोई अधिकारी या कर्मचारी तंग करता है तो वह उन्हें कतई नहीं छोड़ेंगे। पिंकी ने कहा कि व्यापारियों की शिकायतों की जांच के बाद यह सारा मामला एस.एस.पी. फिरोजपुर प्रीतम सिंह के ध्यान में भी लाया गया है और उन द्वारा अपने स्तर पर करवाई गई जांच में भी यह पाया गया है कि डी.एस.पी. हैडक्वार्टर लोगों के काम करवाने में आनाकानी करता था और कुछ लोगों से उसने पैसों की भी डिमांड की थी जिसके बाद उसके विरुद्ध विजीलैंस जांच शुरू करवा दी गई है।

पिंकी ने शहरियों को अपील की है कि अगर किसी विभाग में कोई अधिकारी या कर्मचारी लोगों से पैसे मांगता है तो उन्हें बताएं। ऐसे अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में जब डी.एस.पी. हैडक्वार्टर एम.एस. औलख से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मुझे आकर मिलो, फिर मैं आप से बात करूंगा और तुरंत फोन काट दिया। 

Vatika