पॉवर हाऊस डैम के 2 कांट्रैक्ट कर्मचारी ट्राली की चपेट में आकर गंभीर घायल

punjabkesari.in Sunday, Jan 06, 2019 - 10:05 AM (IST)

पठानकोट(शारदा): पॉवर हाऊस डैम पर कांट्रैक्ट पर कार्य कर रहे 2 कर्मचारियों के पठानकोट आते समय ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है, जिन्हें ट्राली चालकों ने इलाज हेतु स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। उनकी पहचान मदन लाल पुत्र तरसेम लाल तथा मोहित कुमार दोनों निवासी जुगियाल के रूप में हुई। 

घायल मदन लाल ने विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों अधिकारी उसे परेशान करके घर का निजी कार्य लेते हैं तथा आज भी उन्हें विभाग के उच्चाधिकारी जिनका घर पठानकोट में है के घर पेंट के कार्य हेतु भेजा गया, जहां पर जैसे ही वह अपने वाहन पर खानपुर चौक के पास पहुंचे तो वहां से गुजर रही एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मदन लाल ने बताया कि इस हादसे में उसकी दोनों टांगे टूट चुकी हैं जबकि उसके दूसरे साथी मोहित कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि वे दोनों अपना इलाज करवाने में असमर्थ हैं। उन्होंने विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि उनका इलाज करवाया जाए। घायलों का हालचाल पूछने गए ऑल इंडिया राहुल गांधी ब्रिगेड के प्रांतीय चेयरमैन डा. विक्की काठा ने बताया कि उक्त दोनों का इलाज करवाने हेतु डैम के उच्चाधिकारियों से मिला जाएगा तथा इलाज करवाने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर उच्चाधिकारियों की ओर से उसका इलाज न करवाया तो उनका एक शिष्टमंडल जिले के उच्चाधिकारियों से मिलेगा।

क्या कहना है विभाग के जे.ई. का
इस संबंध में जब जे.ई. वीरेन्द्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उक्त दोनों युवकों का उनके पास चार्ज नहीं है।

क्या कहना है चीफ साहिब का
इस संबंध में जब चीफ जापान पठानिया से उनके मोबाइल पर बार-बार फोन किया, परंतु उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।  

 

swetha