रोजी रोटी कमाने दुबई गए युवक की मौत, परिवार में शोक की लहर

punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2020 - 03:40 PM (IST)

गुरदासपुर (विनोद): जिला गुरदासपुर के गांव कुलार के रहने वाले 25 वर्षीय युवक जो रोजी रोटी कमाने हेतु एक वर्ष पहले दुबई में गया था, की मौत होने से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। लड़के की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस संबंध में 25 वर्षीय मृतक युवक शोभा सिंह के अभिभावकों ने बताया कि उनका लड़का एक वर्ष पहले दुबई गया था। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही उनकी अपने लड़के शोभा सिंह से बात हुई थी और वह बता रहा था कि वह ड्यूटी पर जा रहा है। इसके बाद उनकी अपने बेटे से बातचीत नहीं हुई जबकि अब उन्हें फोन पर जानकारी दी गई है कि उनके लड़के की मौत हो चुकी है। इसकी वजह पूछी तो कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिला। 

मृतक की मां ने बताया कि उनका पुत्र अपनी बहन की शादी की सलाह कर रहा था। दुखी अभिभावकों ने सरकार को अपील की है कि पुत्र की देह को जल्द गांव पहुंचाया जाए व उनके पुत्र की मौत के कारणों का पता लगाया जाए।

Mohit