प्रिंसीपल चीफ कमर्शियल मैनेजर ने किया पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण

punjabkesari.in Saturday, Dec 15, 2018 - 08:42 AM (IST)

पठानकोट(आदित्य/शारदा): शुक्रवार की सुबह नैरोगेज ट्रेन से हिमाचल प्रदेश की ओर जाते पठानकोट-बड़ौदा हाऊस नई दिल्ली से आई प्रिंसीपल चीफ कसर्शियल मैनेजर मनी आनंद की ओर से सिटी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। आधे घंटे से ऊपर चले निरीक्षण दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में जा कर वहां का जायजा लिया।

इस दौरान उनके साथ सीनियर डी.सी.एम. हरिमोहन के अलावा दिल्ली से अन्य अधिकारी मौजूद थे। पी.सी.सी.एम. मनी आनंद जम्मू मेल ट्रेन के स्पैशल कोच से सुबह 7 बजे पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। सिटी रेलवे स्टेशन पर पी.सी.सी.एम. ने सर्वप्रथम पार्सल घर में पड़े सामान का जायजा लिया व इसके बाद सीधे टिकट खिड़की पहुंची। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश जाने वाले यात्रियों से टिकट खिड़की पर मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। इसके बाद वह वेटिंग हाल व प्लेटफार्म पर रुकीं ओर अधिकारियों से स्टेशन पर सुरक्षा व संचालन को लेकर बात की।
 
इस दौरान वहां खड़े यात्रियों से खान-पान स्टाल पर मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। पी.सी.सी.एम. ने खान-पान स्टाल मालिकों को कहा कि वह यात्रियों को गर्म खाना मुहैया करवाएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए गैस चुल्हे का इस्तेमाल न करें तथा इसकी जगह हीटर व इंडैक्शन चूल्हे का इस्तेमाल करें। खानपान का निरीक्षण करने के बाद वह रिटायरिंग रूम पहुंची व वहां पर गंदगी व सिलन को देख कर भड़क गईं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह इसमें जल्द सुधार लाएं वर्ना विभाग उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए मजबूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रिओं को यात्रा दौरान बेहतर सुविधाएं देना रेलवे विभाग का फर्ज बनता है। इसके बाद पी.सी.सी.एम. अधिकारियों को निर्देश देते हुए नैरोगेज रेलवे प्लेटफार्म पर पहुंची तथा वहां से अपने विशेष सैलून से हिमाचल प्रदेश रेलवे ट्रैक व विभागों का निरीक्षण करने के लिए निकल गईं। 
 

swetha