बी.एस.एफ. के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

punjabkesari.in Tuesday, Jul 17, 2018 - 11:34 AM (IST)

पठानकोट/सुजानपुर (आदित्य, ज्योति): बी.एस.एफ. के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जवान की मौत की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया। इससे पूर्व जवान की बिगड़ी हालत को देखते हुए उसके साथी जवानों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया था। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने जवान को रैफर किया जिसे बाद में स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया परन्तु डाक्टरी जांच में जवान मृत पाया गया। उक्त जवान की पहचान कांस्टेबल चरणजीत मंडल निवासी गांव नलाहगती, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। 

 

मामले की जांच कर रहे पुलिस थाना सुजानपुर के ए.एस.आई. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृत जवान के साथी जवानों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उनके अनुसार यूनिट के क्वार्टर में चरणजीत मंडल के पेट में अचानक दर्द हुआ तो वे सीनियर अधिकारियों के निर्देशानुसार उसे तुरन्त उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले आए परन्तु यहां उसकी हालत गंभीर बताई जाने के बाद उसे वे स्थानीय निजी अस्पताल में ले गए थे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस ने उक्त बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर जवान के पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के 3 डाक्टरों का बोर्ड बनाया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई करेगी।  

swetha