स्टील प्लांट के कामगारों का प्रदर्शन,शीघ्र वेतन देने की मांग

punjabkesari.in Monday, Jan 21, 2019 - 11:48 AM (IST)

पठानकोट(शारदा, मनिन्द्र): स्टील प्लांट कंदरोड़ी में कामगारों व श्रमिकों को 3 माह का वेतन न मिलने पर की जा रही हड़ताल आज 16वें दिन में प्रविष्ट कर गई। प्रदर्शनकारियों में कामगार हैप्पी, राकेश कुमार, विशाल राजेन्द्र कुमार, देवी प्रसाद, अवतार सिंह, विक्रम, राजन, मुना राकेश, वरिंद्र सिंह ने एक स्वर में मैनेजमैंट को चेतावनी दी कि उन्हें यदि शीघ्र ही वेतन न दिया गया तो वे गेट पर ताला बंदी कर देंगे।

सूचना मिलते ही प्रबंधन वाई.पी. नेगी कामगारों व श्रमिकों से मिलने हेतु पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी मांगे जायज हैं तथा इसके संबंध में शीघ्र ही मजदूरों को 3 माह का वेतन दे दिया जाए। इसके बाद कामगार व श्रमिक अपनी समस्याओं को सुलझाने के लिए स्थानीय विधायक रीता धीमान, पूर्व विधायक व सामान्य उद्योग निगम के उपाध्यक्ष मनोहर धीमान से मिले, परंतु इन दोनों नेताओं ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करवाया।

उन्होंने कहा कि जहां तक कि उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर से भी इन समस्याओं के बारे में 2 बार मुलाकात की है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अब उन्हें दुकानदारों ने राशन भी उधार देना बंद कर दिया है, जिससे भोजन भी कर पाना मुश्किल हो रहा है। बच्चों की स्कूल की फीस नहीं दे पा रहे हैं, अगर उनकी समस्याओं का समाधान न हुआ तो वे संघर्ष को आंदोलन का रूप देने के लिए विवश होंगे।

मजदूरों की समस्या का समाधान किया जाए : गौरव
उधर समस्त कामगारों ने अपनी वेतन संबंधी समस्या के बारे में एस.डी.एम. इंदौरा गौरव महाजन को अवगत करवाया जिस पर इंदौरा ने तुरंत राजेंद्रा गेयर के मालिक को दूरभाष पर निर्देश दिए कि मजदूरों की समस्या का समाधान किया जाए। 

क्या कहते हैं ठेकेदार
दूसरी ओर कंपनी के ठेकेदार राजेंद्रा गेयर ने कहा कि उन्हें एक सप्ताह का समय दिया जाए, वह खुद फैक्टरी में जाकर पैंङ्क्षडग वेतन का समाधान करवा देंगे।

swetha