1 किलो हैरोइन बरामद, महिला सहित 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jan 19, 2019 - 11:29 AM (IST)

नवांशहर(त्रिपाठी,मनोरंजन): सी.आई.ए. स्टाफ नवांशहर की पुलिस ने इनोवा सवार महिला सहित 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 1 किलो हैरोइन बरामद की है। अंतर्राष्ट्रीय मार्कीट में हैरोइन की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।एस.एस.पी. दीपक हिलौरी ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम तहत सी.आई.ए. स्टाफ की पुलिस ने थाना मुकंदपुर के गांव हकीमपुर में विशेष नाकाबंदी की हुई थी कि गांव हकीमपुर की साइड से आ रही तेज रफ्तार इनोवा को रोककर जब पुलिस जांच की तो गाड़ी के चालक तथा साथ में बैठी महिला से 1 किलो हैरोइन बरामद हुई। एस.एस.पी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ काली निवासी नकोदर तथा नवप्रीत सैनी उर्फ प्रीत निवासी जालंधर के तौर पर हुई है।

 
नवप्रीत सैनी पर पहले से दर्ज एन.डी.पी.एस. एक्ट के 3 मामले
एस.एस.पी. ने बताया पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी नवप्रीत सैनी तथा गुरप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है तथा दोनों पर जालंधर तथा लुधियाना के थानों में पहले से ही 3-3 एन.डी.पी.एस. एक्ट तहत मामले दर्ज हैं जिनमें एक मामले में नवप्रीत सैनी जमानत पर थी। नवप्रीत सैनी का पति रजिन्दर बाली नशीले पदार्थों के मामले में कपूरथला जेल में 10 वर्ष की सजा काट रहा है। 


आरोपी मुख्य तस्कर के एजैंट के तौर पर करते थे कार्य, प्रति चक्कर मिलते थे 10-10 हजार रुपए 
गिरफ्तार आरोपी पिछले लंबे समय से एक-दूसरे के सम्पर्क में थे तथा मिल कर एन.डी.पी.एस. एक्ट के  धंधे में शामिल थे। पुलिस ने बताया कि शुरूआती पड़ताल में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मुख्य तस्कर के एजैंट के तौर पर कार्य कर रहे थे तथा उन्हें प्रति चक्कर 10-10 हजार रुपए मिलते थे। इससे पूर्व भी आरोपी एक खेप ला चुके हैं। एस.एस.पी. ने बताया कि बरामद हैरोइन दिल्ली से लाई गई थी जिसके पीछे अफ्रीकन मूल के अपराधी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है जिसमें पुलिस नशे के मुख्य तस्कर तथा जिन लोगों को सप्लाई दी जानी थी संबंधी जानकारियां हासिल करने का प्रयास करेगी।  


 

swetha