अब नाव से पार नहीं करना पड़ेगा रावी दरिया, पुलों के निर्माण के लिए 132 करोड़ मंजूर

punjabkesari.in Thursday, Jan 24, 2019 - 10:13 AM (IST)

पठानकोट(आदित्य): जिला पठानकोट व गुरदासपुर के अधीन पड़ते रावी दरिया मकौड़ा पत्तन व कीडिय़ां मैरां कलां पत्तन पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य स्वर्ण सलारिया के प्रयासों से 132 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 2 पुलों के निर्माण को केन्द्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। देश की स्वतंत्रता के 71 वर्षों बाद दोनों पत्तनों पर बन रहे पुलों पर 62.79 करोड़ रुपए व 69.88 करोड़ रुपए खर्च होंगे जिससे अब समस्या का समाधान हो जाएगा।

आज होटल वुडलैंड में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तथा सलारिया जन सेवा फाऊंडेशन के चेयरमैन स्वर्ण सलारिया ने पत्रकारों से बातचीत करते के दौरान केन्द्र सरकार द्वारा जारी आदेश की प्रतियां दिखाते हुए कहा कि कांग्रेसी झूठ बोलकर वोट मांगते हैं जबकि भाजपा से जुड़े लोग काम करने के बाद वोट अपील करते हैं। उन्होंने कहा कि मंजूरी के साथ-साथ सड़क परिवहन राजमार्ग एवं परिवहन मंत्रालय ने सैंटर रोड फंड से पैसे भी जारी किए हैं। सलारिया ने बताया कि वह पिछले वर्ष अक्तूबर में मकौड़ा पत्तन के लोगों से मिलने गए थे। बरसाती सीजन के तुरंत बाद बने इस कार्यक्रम में उन्होंने नाव से रावी दरिया पार किया। इसके बाद वह साइकिल चलाकर वहां पहुंचे जहां उन्हें पता चला कि मकौड़ा पत्तन में रहने वाले सैंकड़ों परिवार किन दिक्कतों में जीवन यापन कर रहे हैं। सलारिया ने कहा कि लोगों का जीवन काफी कठिन है, कोई मैडीकल सुविधा नहीं, शिक्षा नहीं। हर हालातों में केवल नाव ही सहारा।

उन्होंने कहा कि एक बच्ची स्कूल जाने की जल्दी में दरिया पार करते वक्त पानी में गिर गई, तब लोगों से वायदा किया था कि वह 3 महीने में इस दरिया पर कम से कम 2 पुलों का निर्माण करवाएंगे। उन्होंने नितिन गडकरी से बात की और सरकार ने मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा कि इन दोनों पुलों का निर्माण कम से कम एक वर्ष में पूरा होकर लोगों को सुपुर्द कर देना चाहिए। इसके लिए उन्हें उम्मीद है कि पंजाब सरकार इस निर्माण कार्य को जल्द से जल्द सम्पन्न करवाएगी ताकि आजादी के 71 वर्षों के बाद तक परेशानियां झेल रहे लोगों को निजात मिल सके। सलारिया ने कहा कि मकौड़ा पत्तन पर पुल बनने से उक्त क्षेत्र के गांवों के सैंकड़ों परिवारों के लिए लाइफ लाइन साबित होगी। इससे लोगों को कस्बा नरोट जैमल सिंह पहुंचने के लिए 10 से 15 मिनट लगेंगे, वहीं कौडिय़ों के भाव जमीनों के दाम 500 गुना तक बढ़ जाएंगे। किसानों को अपनी फसलों का सही दाम मिल पाएगा। इससे पहले सारी फसल लोकल ही खरीदी-बेची जाती थी लेकिन पुलों के निर्माण से ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी और स्कूल बन सकेंगे। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल तरनाच, विशाल ठाकुर भी उपस्थित थे।

Vatika