ससुरालियों से परेशान नवविवाहिता ने की आत्महत्या की कोशिश

punjabkesari.in Friday, May 11, 2018 - 09:47 AM (IST)

बटाला (साहिल): गांव हरूवाल में ससुराल वालों से दुखी होकर एक नवविवाहिता ने घर में पड़ी गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कथित तौर पर कोशिश की। लड़की की मां मनजीत कौर पत्नी हरजिन्द्र सिंह निवासी शास्त्री नगर काहनूवान रोड बटाला ने कथित तौर पर आरोप लगाते हुए बताया कि मेरी लड़की मनप्रीत कौर का विवाह करीब एक वर्ष पहले गांव हरूवाल के मलकीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह से हुआ था। हमारा दामाद मलकीत सिंह विदेश में रहता है।

विवाह के कुछ समय बाद ही मेरी लड़की के ससुराल परिवार वालों ने लड़की को मारना-पीटना और परेशान करना शुरू कर दिया। कई बार वरिष्ठ व्यक्तियों की उपस्थिति में बैठकर हमने उन से हर प्रकार का समझौता किया, पर उन्होंने लड़की को परेशान करना जारी रखा। आज मेरी लड़की ने अपने ससुराल वालों से दुखी होकर जहरीली दवाई निगल ली, जिससे हमारी लड़की बेहोश हो गई। हमें पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि आपकी लड़की ने कोई जहरीली चीज खा ली है। मैं तुरंत अपने लड़के को साथ लेकर अपनी लड़की के ससुराल घर गई तो लड़की बेहोश पड़ी थी जिसको मैंने तुरंत बटाला के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया, पर इसके ससुराल वाले उसका हाल-चाल जानने के लिए नहीं आए। 

क्या कहना है एस.एच.ओ का
इस संबंधी थाना किला लाल सिंह के एस.एच.ओ. अमोलकदीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह मामला हमारे ध्यान में है और उसकी छानबीन कर रहे हैं, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंधी जब लड़की का उपचार कर रहे डाक्टर ललित मोहन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि लड़की का उपचार किया जा रहा है और लड़की की हालत खतरे से बाहर है। 

Anjna