बाजवा परिवार बटाला वासियों का 1952 से ही कर्जदार : तृप्त बाजवा

punjabkesari.in Monday, Jan 21, 2019 - 12:02 PM (IST)

बटाला (बेरी) : पंजाब के गांव विकास और पंचायत मंत्री तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा ने आज बटाला में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनका परिवार वर्ष 1952 से बटाला वासियों का कर्जदार है जबकि उस समय भी बटाला वासियों ने उनके पिता गुरबचन सिंह बाजवा को विजय दिला कर पंजाब विधान सभा में भेजा था और वह उस समय संयुक्त पंजाब के मंत्री बने थे। उन्होंने कहा कि वह खुद बटाला शहर में पढ़े-लिखे हैं।

यहीं उन्होंने अपना बचपन व जवानी व्यतीत की है। उन्होंने कहा कि बटाला के लोग उनके अपने लोग हैं और अपने लोगों की सेवा में वह कभी भी पीछे नहीं हटेंगे।कैबिनेट मंत्री बाजवा ने कहा कि बटाला शहर में हिन्दू-सिख का कोई शोर नहीं है बल्कि यह शोर कुछ नेताओं द्वारा अपनी राजनीति को बचाने के लिए मचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर तरनतारन जैसे पंथक हलके से कांग्रेसी उम्मीदवार धर्मवीर अग्निहोत्री जीत सकता है तो बटाला से भी कांग्रेसी सिख उम्मीदवार जीत सकता है। उन्होंने कहा कि बटाला टकसाली कांग्रेसी हलका है, जहां कोई भी कांग्रेसी सारी उम्र नहीं हार सकता, परन्तु शर्त यह है कि वह लोगों में रहने वाला और उनकी दुख-तकलीफों को सुनने वाला हो। 

बाजवा ने कहा कि हलका फतेहगढ़ चूडिय़ां के साथ-साथ वह बटाला हलके की सेवा भी करते रहेंगे। बाजवा ने कहा कि वह बटाला के विकास के लिए आई ग्रांट में कोई हेरा-फेरी नहीं होने देंगे और लोगों के टैक्स के पैसे सिर्फ विकास कार्य पर ही खर्च होंगे। इस अवसर पर उनके साथ जवाहर मरवाह, सुख तेजा, पार्षद सुनील सरीन, सन्नी शैरी, रोशन सिंह पूर्व पार्षद, रमेश कुमार आदि मौजूद थे।

Vatika