मणिकर्ण साहिब से माथा टेककर जा रहे 5 दोस्त नदी में बहे, 1 की मौत(watch pics)

punjabkesari.in Tuesday, Nov 21, 2017 - 04:41 AM (IST)

जालंधर(प्रीत): हिमाचल प्रदेश के मणिकर्ण साहिब में माथा टेकने के बाद कुल्लू-मनाली जा रहे जालंधर के 5 दोस्तों की कार (नम्बर. पी.बी. 02 डब्ल्यू-0069) थाना कुल्लू के अंतर्गत पड़ते शांगना पुल के निकट पार्वती नदी में समा गई। इनमें से 3 को बचा लिया गया। पुलिस ने चौथे का शव कुछ दूरी पर बरामद कर लिया, जबकि 5वें की तलाश की जा रही थी।
मृतक व्यक्ति की पहचान झंडियां वाला पीर के निकट स्थित नारंग डेयरी के मालिक अमरजीत सिंह के बेटे सर्वजोत सिंह उर्फ सर्व के रूप मे हुई है, जबकि लापता हुआ व्यक्ति जो गाड़ी चला रहा था,उसकी पहचान नकोदर चौक के निकट बिल्डिंग मैटीरियल के कारोबारी जगदेव सिंह उर्फ जंगी के बेटे गुरकिरत सिंह के रूप में हुई है। बचा लिए गए तीन दोस्त राम आहूजा पुत्र चन्द्र मोहन आहूजा निवासी गोपाल नगर, जसवीर सिंह बोपाराय वासी दिओल नगर, सत्यम कश्यप निवासी निजात्म नगर हैं, जो घायल हैं।
दुर्घटना की जानकारी जब यहां रहते उक्त लोगों के परिजनों को मिली तो उनके परिवारों में चीखो-पुकार मच गई। दुर्घटना को लेकर सभी युवकों को परिवार वाले असमंजस में हैं, क्योंकि उनको दुर्घटना के बारे में तो पता है लेकिन क्या हुआ, कैसे हुआ, से फिलहाल सभी अनभिज्ञ हैं।दर्दनाक घटना का पता चलते ही पंजाब केसरी की टीम सबसे पहले नारंग डेयरी वालों के बेटे सर्वजोत सिंह उर्फ सर्व के घर पहुंची। सर्वजोत के घर पर चीखो-पुकार मची हुई थी, क्योंकि दुर्घटना में सर्व की मौत की खबर यहां पहुंच चुकी थी।
हालांकि दुर्घटना का पता चलते ही सर्व के पिता अमरजीत सिंह, बड़ा भाई तरणजोत व अन्य पारिवारिक सदस्य उसी समय तुरंत कुल्लू-मनाली के लिए रवाना हो गए। देर रात सर्व के घर में माहौल गमगीन था हालांकि सर्व की मां को फिलहाल अनहोनी के बारे में जानकारी नहीं दी गई थी। सिर्फ इतना ही बताया गया था कि सर्व व उसके दोस्तों का एक्सीडैंट हुआ है। 

सर्व के घर का महौल था बेहद  गमगीन
सर्वजोत के घर में मौजूद उसके ताया गुरमीत सिंह ने बताया कि सर्व ने ए.पी.जे. कालेज से 12वीं पास की थी। वह अब काम में भी हाथ बंटा रहा था। 2 दिन पहले ही वह अपनी कार क्रूज लेकर दोस्तों के साथ मणिकर्ण साहिब माथा टेकने गया। वहां से वे आगे चले गए। पता चला है कि आज उन्होंने वापस आना था, लेकिन दुर्घटना होने का पता चला। गुरमीत सिंह के मुताबिक उन्हें दुर्घटना का पता शाम करीब 5.30 बजे उस समय चला जब सर्व के दोस्त गुरकिरत के परिजन उनके घर पहुंचे। दुर्घटना का पता चलते ही सभी तुरंत कुल्लू चले गए। सर्व के घर का महौल बेहद ही गमगीन था। पारिवारिक सदस्यों का रो- रो कर बुरा हाल था।
लापता गुरकिरत के घर सन्नाटा
घटना की सूचना मिलते ही लापता हुए गुरकिरत सिंह के पिता जगदेव सिंह जंगी व बड़ा भाई गुरप्रीत तुरंत कुल्लू चले गए। गुरकिरत के घर सन्नाटा पसरा हुआ है। रह-रह कर परिजन पत्थर हो रहे थे। उनके घर में मौजूद एक परिजन ने बताया कि उन्हें तो यही पता चला है कि गुरकिरत पानी में बह गया है। उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। जंगी भाजी और दोस्त कुल्लू गए हैं। उनके पहुंचने के पश्चात ही स्थिति स्पष्ट होगी।
राम, सत्यम तथा जसवीर के घरों में भी चुप्पी
दुर्घटना में राम आहूजा, सत्यम कश्यप व जसवीर बोपाराय तीनों के घरों मे चुप्पी छाई हुई है। राम आहूजा के गोपाल नगर स्थित निवास पर सन्नाटा था। राम के पिता चन्द्र मोहन करियाना दुकान चलाते हैं। रात के समय राम की मां ही घर में अकेली थी। जब उनसे बात करने की कोशिश की गई तो उनसे बोला नहीं गया, बस जोर-जोर से रोने लगी। उसने सिर्फ इतना ही कहा कि बच्चे तो घूमने गए हैं। आज शाम दुर्घटना का फोन आया। राम के पिता वहां गए हैं। पहुंचने पर ही बताएंगे। इसी प्रकार सत्यम व जसवीर के परिजन भी परेशानी में ही थे।

ए.पी.जे. में इकट्ठे पास की 12वीं
पता चला है कि गुरकिरत, जसवीर बोपाराय, सर्वजोत सिंह, राम आहूजा तथा सत्यम पांचों क्लासमेट्स हैं। पांचों ने ए.पी.जे. से 12वीं पास की। इसके पश्चात अब सर्वजोत स्टडी वीजा पर कनाडा जाने की तैयारी कर रहा था, जबकि गुरकिरत सिंह ने खालसा कालेज तथा सत्यम जसबीर व राम ने डी.ए.वी. कालेज में बी.एससी. में एडमिशन ली थी। पता चला है कि सर्वजोत का बीते दिन कनाडा के लिए वीजा लग गया था। वह कनाडा जाने से पहले दोस्तों के साथ श्री मणिकर्ण साहिब माथा टेकने गया और दुर्घटना का शिकार हो गया। 

Punjab Kesari