हिमाचल प्रदेश का बजट निराशाजनक, जन बिरोधी: इन्दु बाला गोस्वामी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 03:47 PM (IST)
धर्मशाला: राज्यसभा सांसद इन्दु बाला गोस्वामी ने हिमाचल प्रदेश के बजट को निराशाजनक और जनविरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता और जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के दावे करती है, लेकिन बजट में पर्यटन और ट्रांसपोर्ट सेक्टर की अनदेखी की गई है, जिससे इस क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को नुकसान होगा।
सांसद ने कहा कि खुद को जनहितैषी बताने वाली सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने सामाजिक सेवाओं के लिए पर्याप्त प्रावधान नहीं किया है। इसके चलते वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन समय पर नहीं मिल पाएगी, जिसका असर कमजोर वर्ग पर पड़ेगा। उन्होंने सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और ग्रामीण विकास योजनाओं के लिए बजट को “ऊंट के मुंह में जीरा” बताया। उनका कहना है कि ग्रामीण प्रधान राज्य होने के बावजूद गांवों की अनदेखी सरकार की सोच को दर्शाती है।
इन्दु बाला गोस्वामी ने यह भी कहा कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने नेताओं और अफसरों के वेतन में अस्थायी कटौती को सिर्फ दिखावा बताया। अंत में उन्होंने सरकार से फिजूलखर्ची रोकने, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और सरकारी धन के सही उपयोग की अपील की, ताकि आम जनता के हित में काम हो सके।

