महंगा पड़ा पेड़ पर चढ़कर जामुन तोडऩा, हुई मौत

punjabkesari.in Monday, Jul 22, 2019 - 04:50 PM (IST)

होशियारपुर (अमरेन्द्र): शहर के साथ लगते 2 स्थानों जालंधर रोड पर नसराला में जामुन के पेड़ से गिरकर जहां 13 वर्षीय लड़के मनीश की मौत हो गई, वहीं फगवाड़ा रोड पर पुरहीरां के पास अमरजीत कुमार निवासी सुंदर नगर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों के अनुसार अमरजीत के सिर व एक हाथ में फ्रैक्चर है।

गरीब माता-पिता का इकलौता बेटा था मनीश
सिविल अस्पताल परिसर में मृतक मनीश के पिता प्रेमपाल व उसकी मां ने रोते हुए बताया कि हम दोनों आज सुबह काम पर घर से निकल गए थे। मनीश घर से बाहर निकल खेतों में लगे जामुन के पेड़ के नीचे जामुन खाने लगा। बाद में वह पेड़ पर चढ़ ही रहा था कि ऊंचाई से नीचे गिरने से बेहोश हो गया। काफी देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों की मनीश पर नजर पड़ी लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मनीश घर का इकलौता चिराग था।

लोगों ने अमरजीत को पहुंचाया अस्पताल
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन अमरजीत के परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह अमरजीत दोस्तों के साथ पुरहीरां के पास एक जामुन के पेड़ से जामुन तोड़ रहा था। इसी दौरान पेड़ पर संतुलन बिगडऩे से अमरजीत पेड़ से नीचे गिर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने अमरजीत को इलाज के लिए तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। डाक्टर के अनुसार अमरजीत की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।

Vatika