जंगल में चल रहे सर्च ऑप्रेशन में दूसरा लुटेरा काबू, तीसरा अब भी फरार

punjabkesari.in Friday, Sep 14, 2018 - 10:14 AM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र): चिन्तपूर्णी रोड पर कल बुधवार साइकिल सवार से 10,000 रुपए लूटने के बाद हरकत में आई सदर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश की गगरेट पुलिस व आसपास के गांवों के लोगों के साथ गगरेट के जंगल में देर रात दूसरे लुटेरे को भी काबू कर लिया। तीसरा लुटेरा काबू होने से पहले अंधेरे का फायदा उठा जंगल में गायब हो गया। 

जानकारी अनुसार लूट की वारदात दौरान छीनी गई रकम भी फरार चल रहे तीसरे आरोपी के पास ही है। वीरवार को सदर पुलिस दूसरे आरोपी लुटेरे गुरमीत सिंह उर्फ राजू पुत्र मंगल सिंह निवासी गांव नत्थूचक्क जिला तरनतारन को काबू कर उसे लेकर होशियारपुर पहुंची। थाना सदर पुलिस हत्थे चढ़े दोनों आरोपियों गुरदीप सिंह उर्फ दीपा व गुरमीत सिंह उर्फ राजू को लेकर आज 14 सितम्बर को तरनतारन स्थित उनके गांव में पूछताछ के लिए जाएगी।

फरार चल रहे आरोपी की पहचान हुई सुखमन उर्फ सुमन के तौर पर
गगरेट के जंगल में सर्च ऑप्रेशन के बाद होशियारपुर लौटे थाना सदर के एस.एच.ओ. राजेश अरोड़ा ने बताया कि पुलिस ने घने जंगल में रात 12.30 बजे के करीब दूसरे आरोपी गुरमीत सिंह उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीसरा लुटेरा सुखमन सिंह उर्फ सुमन फरार हो गया। सुमन की गिरफ्तारी के लिए वीरवार को रात के समय भी सदर पुलिस व गगरेट पुलिस ने ज्वाइंट ऑप्रेशन चला सर्च अभियान जारी रखा हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि जंगल में भूखे-प्यासे भाग रहे आरोपी सुखमन सिंह को भी पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।

सुल्तानपुर में छीनी थी आरोपियों ने कार
एस.एच.ओ. राजेश अरोड़ा अनुसार पुलिस पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने अभी तक यही बताया है कि वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार उन्होंने सुल्तानपुर कस्बे से 31 अगस्त 2018 को छीनी थी। पुलिस जांच में सुल्तानपुर थाने की पुलिस ने बताया कि कार छीनने का मामला थाने में दर्ज है। कार मलोट शहर के रहने वाले किसी व्यक्ति की है। पूछताछ के बाद आरोपियों को लेकर पुलिस 14 सितम्बर को तरनतारन के गांव नत्थूचक्क व बेपई गांव जा रही है ताकि आरोपियों की तरफ से की गई अन्य वारदातों की जानकारी भी मिल सके।

Vatika