कूड़े के ढेर हेतु अलॉट जगह पर कब्जा करने की रंजिश तहत किया हमला

punjabkesari.in Saturday, Jun 23, 2018 - 05:23 PM (IST)

टांडा-उड़मुड़ (पंडित): गांव दरगाहेड़ी में कूड़े के ढेर के लिए अलॉट जगह पर कब्जा करने की रंजिश को लेकर एक व्यक्ति को तेजधार हथियारों के साथ घायल करने वाले 3 लोगों के खिलाफ टांडा पुलिस ने विभिन्न धाराओं अधीन मामला दर्ज किया है।

 

हमले में गंभीर घायल नरिंद्र सिंह का पी.जी.आई. चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। पुलिस ने यह मामला हमले का शिकार नरिंद्र सिंह की पत्नी गुरजीत कौर के बयान के आधार पर मनप्रीत सिंह, लवदीप सिंह दोनों पुत्र सतनाम सिंह निवासी दरगाहेड़ी, सोहन सिंह निवासी कुराला के खिलाफ दर्ज किया है। पुलिस को दिए अपने बयान में गुरजीत कौर ने बताया कि उक्त आरोपी उन्हें कूड़ा फैंकने के लिए अलॉट हुई जगह पर कब्जा करना चाहते थे। 

 

इसी रंजिश को लेकर उन्होंने उसके पति को घर के बाहर लगी टूटी से पानी पीते समय तेजधार हथियारों से हमला करके गंभीर घायल कर दिया। उसने बताया कि उसके पति के सिर पर गंभीर चोटें लगी हैं तथा उसकी एक आंख की रोशनी खत्म हो गई है। ए.एस.आई. लखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
 

Punjab Kesari