कीनियाई हैरोइन तस्कर लड़कियां व ड्राइवर पहुंचे सैंट्रल जेल

punjabkesari.in Monday, Apr 02, 2018 - 12:19 PM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र): होशियारपुर के शिमला पहाड़ी चौक से 28 मार्च की रात 300 ग्राम हैरोइन के साथ काबू कीनिया के नैरोबी शहर की रहने वाली आरोपी लड़कियों एरिक व मारग्रेट के साथ-साथ ड्राइवर अमृतपाल को रविवार दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा प्रबंध के बीच ड्यूटी मैजिस्ट्रेट समक्ष पेश किया गया।

ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के आदेश पर तीनों आरोपियों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में सैंट्रल जेल भेज दिया गया। पुलिस के भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो पुलिस पूछताछ के बाद पुलिस इस मामले के किंगपिन तक पहुंच चुकी है।

क्या था मामला
 

गौरतलब है कि दोनों ही कीनियाई आरोपी लड़कियां पिछले लम्बे समय से इलाके में नशे की सप्लाई में जुटी हुई थीं। उनके होशियारपुर सहित पंजाब के कई जिलों में सम्पर्क थे। आम तौर पर ये पंजाब के विभिन्न शहरों में नशे की सप्लाई करती थीं। होशियारपुर में दोनों नशा किसे सप्लाई करने पहुंची थीं इसकी पुलिस जांच कर रही है।
 

पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों लड़कियां अक्सर बस में सवार हो दिल्ली से आती थीं और पहले से तय होटल या अन्य प्वाइंट पर नशे की खेप देकर निकल जाती थीं। मिली जानकारी अनुसार कीनियाई लड़कियां एरिक व मारग्रेट अमृतपाल सिंह को जालंधर में मिली थीं और वहीं पर इन्होंने नशे की सप्लाई अमृतपाल को दी थी। जब तक पुलिस इनको काबू करती, ये दोनों महिलाएं अमृतपाल की गाड़ी में बैठ कर वहां से निकल गईं। अमृतपाल को होशियारपुर के कोर्ट परिसर में कोई जरूरी काम था। इसके चलते वह इन्हें भी यहां पर ले आया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठी सी.आई.ए. स्टाफ पुलिस ने 28 मार्च को तीनों को गिरफ्तार कर लिया था।

swetha