सोम प्रकाश की जीत से भाजपा में उत्सव सा माहौल

punjabkesari.in Friday, May 24, 2019 - 11:23 AM (IST)

होशियारपुर(जैन): लोकसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार सोम प्रकाश द्वारा कांग्रेस के डा. राज कुमार को 48,530 मतों से पछाड़ कर हासिल की गई भारी भरकम जीत से जहां भाजपा खेमे में उत्सव सा माहौल है वहीं कांग्रेस में मायूसी छाई हुई है।

मुकेरियां, दसूहा, होशियारपुर व फगवाड़ा में कांग्रेस की पराजय ने सोम प्रकाश की जीत की तरफ बढ़त को लगातार बनाए रखा। उन्होंने मुकेरियां में कांग्रेस को 37,706, दसूहा में 22,773, होशियारपुर में 8804 व फगवाड़ा में 5146 मतों से पराजित किया। आज देर सायं सोम प्रकाश की रयात बाहरा कैम्पस में जिला चुनाव अधिकारी ईशा कालिया द्वारा जीत की घोषणा के साथ ही भाजपा के हजारों कार्यकत्र्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्षण सूद के नेतृत्व में रयात बाहरा कैम्पस पहुंचे। यहां सोम प्रकाश की विजय का जश्न शुरू हुआ। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व सांसद श्वेत मलिक तथा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रो. राजिन्द्र भंडारी ने भी वहां पहुंच कर सोम प्रकाश को बधाई दी। मेयर शिव सूद, जिला भाजपा अध्यक्ष विजय पठानिया, भाजपा एस.सी. सैल के प्रदेश के प्रधान डा. दिलबाग राय, युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नितिन गुप्ता नन्नू, पार्षद सुरेश भाटिया बिट्टू व निपुण शर्मा, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मीनू सेठी, पार्षद राकेश सूद के अलावा सैंकड़ों पदाधिकारी भी ढोल-धमाके के साथ मौके पर पहुंचे।

यहां से सोम प्रकाश की विजय यात्रा शुरू हुई। सोम प्रकाश की धर्मपत्नी अनीता कैंथ, बेटा संजीव कैंथ व अन्य पारिवारिक सदस्य भी खुशी के चलते फूले नहीं समा रहे थे। पार्टी नेताओं ने कहा कि होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्षण सूद के नेतृत्व में चलाई गई मुहिम के चलते ही सोम प्रकाश दिन प्रति दिन अपनी चुनावी मुहिम को मजबूत बनाते चले गए। सोम प्रकाश की विजय यात्रा शहर के मुख्य बाजारों से गुजरती गई। यहां हजारों पार्टी वर्करों व शहर के प्रतिष्ठित नागरिकों ने गर्मजोशी के साथ उनको बधाई दी। शहर में आज सायं अनेक जगह भाजपा द्वारा पार्टी की भारी जीत के उपलक्ष्य में आतिशबाजी भी की गई। तीक्षण सूद ने कहा कि होशियारपुर की सीट जीत कर उन्होंने दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे नरेन्द्र मोदी की झोली में डाली है। जोकि नई सरकार के गठन में अपना अहम योगदान डालेगी।

Vatika