लेन-देन को लेकर व्यापारी वर्ग में हाहाकार, 148 करोड़ का कारोबार प्रभावित

punjabkesari.in Friday, Jun 01, 2018 - 03:13 PM (IST)

होशियारपुर (जैन): यूनाइटिड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान आज लगातार दूसरे दिन भी सरकारी क्षेत्र के बैंकों की हड़ताल रही जिसके परिणामस्वरूप लगातार 48 घंटे बैंकों के माध्यम से लेन-देन ठप्प होकर रह जाने से व्यापारी वर्ग में हाहाकार मच गई। सूत्र बताते हैं कि दूसरे दिन भी हड़ताल के कारण आज जिलेभर में करीब 148 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ। 

15 प्रतिशत से कम वेतन वृद्धि मंजूर नहीं
इस दौरान पी.एन.बी. ऑफिसर्ज एसोसिएशन की तरफ से आज पी.एन.बी. सर्कल कार्यालय चंडीगढ़ रोड पर रोष मुजाहिरा किया गया। इस मौके यूनियन नेताओं ने कहा कि आई.बी.ए. द्वारा वेतन में मात्र 2 प्रतिशत बढ़ौतरी किए जाने की बात कही जा रही है जबकि उन्हें 15 से 20 प्रतिशत से कम की बढ़ौतरी किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं।

अगर सरकार ने अब भी उनकी मांग स्वीकार न की तो संघर्ष के अगले दौर में बैंक 2 दिन से ज्यादा हड़ताल करने के लिए मजबूर होंगे। रोष रैली को सर्कल सचिव राजेश कुमार गुप्ता, सर्कल प्रधान के.जी. शर्मा, दिनेश डोगरा, गगनदीप सिंह, संजीव कालिया, देस राज, धनी राम, नरिन्द्र कुमार व अश्विनी कुमार ने संबोधित किया। बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने केंद्र सरकार व आई.बी.ए. के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।  

Anjna