डेढ़ महीने से सूखी पड़ी है कंडी नहर

punjabkesari.in Saturday, May 19, 2018 - 01:38 PM (IST)

हाजीपुर(डी.सी.): कंडी नहर आजकल बिना पानी के सूखी पड़ी है। किसान व बागवान तो भूमि की सिंचाई के लिए नहर में पानी आने का इंतजार कर ही रहे हैं परन्तु ज्यादा परेशानी उन बेजुबान पशु-पक्षियों व जानवरों को हो रही है जो इस नहर के पानी से अपनी प्यास बुझाते हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार कंडी नहर में 30 मार्च को पानी बंद किया गया था। अब इस नहर में पानी बंद हुए डेढ़ महीने से भी ज्यादा समय बीत चुका है। नहर बिन पानी सूखी पड़ी है तो उसके सहारे सिंचित होने वाली भूमि भी सूखी है।

कंडी नहर से पानी न मिलने पर वे किसान अधिक परेशान हैं जिन्होंने पशुओं के लिए चारा बोया हुआ है। भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी की तपिश से बोया गया चारा झुलसने की कगार पर है।
    -इंका नेता शशि मेहता 

नहर से पानी न मिल पाने कारण परेशान किसान अपना माथा पीटने को विवश हैं। जिन किसानों ने चारा, सब्जियों व फल आदि की बुआई कर दी है, उन्हें मजबूरन निजी ट्यूबवैलों का सहारा लेना पड़ रहा है। यह सहारा उन्हें जेब से भारी राशि खर्च करके मिल रहा है।    -समाजसेवी वीरेन्द्र कौल 

 जे.ई. जगदीप सिंह ने कहा कि नहर में सफाई का कार्य चल रहा है। यह सफाई कार्य अब पूरा हो चुका है। आशा की जानी चाहिए कि नहर में 1-2 दिन तक पुन: पानी छोड़ दिया जाएगा।
        -जे.ई. जगदीप सिंह

 कंडी नहर बेजुबान पशु-पक्षियों व जानवरों के लिए भी वरदान साबित होती आई है। आजकल नहर सूखी पड़ी है तो ये जीव भी बेहद परेशान हैं। नहर के विकल्प गांवों के तालाब भी सूखे पड़े हैं। भीषण गर्मी के चलते पशु-पक्षी सभी परेशान हैं। नहर के गऊघाटों पर बचे पानी से ये जीव अपनी प्यास बुझा रहे हैं।    -गिफ्टू पाठक यूथ भाजपा नेता 


 


 

Vatika