पिस्तौल के बल पर अपहरण कर लूटे 7.25 लाख

punjabkesari.in Thursday, Oct 10, 2019 - 11:22 AM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र): थाना गढ़शंकर की पुलिस ने कनाडा जाने के नाम पर वीजा तैयार करवाने वाले कपूरथला के रहने वाले पुरुषोत्तम कुमार शर्मा को धोखे से अपहरण कर 7,25,000 रुपए लूटने के आरोप में इब्राहिमपुर के 3 आरोपियों कुलवंत सिंह, अवतार सिंह व जगदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गढ़शंकर थाने में तैनात एस.एच.ओ. बलविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों ही आरोपियों के खिलाफ धारा 365, 384, 34 के साथ आर्म्स एक्ट अधीन केस दर्ज कर मुख्य आरोपी कुलवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कुलवंत सिंह से 5 लाख रुपए व पिस्तौल भी बरामद करने में सफलता हासिल की है।

वीजा तैयार करने की रकम देने की बजाय पुरुषोत्तम कुमार से ही लूट ली रकम 
एस.एच.ओ. बलविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस समक्ष कपूरथला के रहने वाले पुरुषोत्तम कुमार शर्मा पुत्र सुरेन्द्र शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह लुधियाना में वीजा तैयार करने के फॉर्म में काम करता है। आरोपी कुलवंत सिंह ने अपने पारिवारिक सदस्यों को कनाडा भेजने के लिए वीजा तैयार करने को कहा था। उसने वीजा की फाइल तैयार करवा दी लेकिन आरोपियों ने आब्रजन शुल्क जमा नहीं किया। 8 अक्तूबर को कुलवंत सिंह ने फोन किया कि वह गढ़शंकर आकर पेमैंट ले जाए। जब वह अपने साथी के साथ पेमैंट लेने गढ़शंकर आया तो आरोपी उसे अपने साथ गांव ले गया जहां उससे पिस्तौल के बल पर धमकी देते हुए 7,25,000 रुपए छीन लिए।

गिरफ्तार आरोपी कुलवंत सिंह के खिलाफ और मामले हैं दर्ज: एस.एच.ओ.
एस.एच.ओ. बलविन्द्र कुमार ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुलवंत सिंह के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं वहीं एक मामले में उसे अदालत से सजा भी सुनाई गई है। 
पुलिस कुलवंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद फरार चल रहे अवतार सिंह व जगदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापे मार रही है। पुलिस आरोपियों के पास से बाकी बचे 2,25,000 रुपए की बरामदगी कर जल्द ही फरार चल रहे दोनों ही आरोपियों अवतार सिंह व जगदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लेगी।

Edited By

Sunita sarangal