ससुरालियों की करतूत सुन रह जाएंगे हैरान

punjabkesari.in Thursday, May 24, 2018 - 05:28 PM (IST)

गढ़शंकर (स.ह.): गांव डघाम में एक विवाहिता को जहरीली वस्तु खिलाकर मारने का पति, सास, ससुर, जेठ व जेठानी के विरुद्ध मामला गढ़शंकर पुलिस ने दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार राज रानी पत्नी जसपाल सिंह ने कोई जहरीली चीज निगल ली व उसे बेहोशी की हालत में नवांशहर के प्राईवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

मृतका के भाई जगतार सिंह पुत्र चरन सिंह निवासी मनजीत नगर, जोधेवाल बस्ती, लुधियाना ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि राज रानी की शादी 3 वर्ष पहले गढ़शंकर के गांव डघाम के जसपाल सिंह पुत्र मोहन लाल उर्फ मोहनी से हुई थी।  विवाह के बाद जसपाल को नशे की लत लग गई। फिर उसके बाद वह उसकी बहन को परेशान करने लगा।

 

कई बार दुखी होकर वह उनके घर आ जाती थी । इस पर वह उसे समझा कर भेज देते थे कि वह सुधर जाएगा। कई बार राज रानी की सास चरनो, ससुर मोहन लाल, जेठ बलविन्द्र सिंह व जेठानी सीता अपनी जिम्मेदारी पर लेकर गए थे, लेकिन जसपाल ने राज रानी को तंग करना बंद नहीं किया। गत 20 मई को राज रानी के ससुराल से फोन आया कि उसकी बहन ने कोई जहरीली चीज निगल ली है।  उसे राजा अस्पताल नवांशहर भर्ती करवाया गया है। जब हम वहां पहुंचे तो राज रानी बेहोशी की हालत में थी।

 

जैसे ही हम अस्पताल में पहुंचे सास-ससुर व जेठ-जेठानी वहां से खिसक गए और वापस नहीं आए।अस्पताल में जिंदगी व मौत की लड़ाई लड़ रही राज रानी आखिर 2 दिन बाद जंग हार गई। गढ़शंकर पुलिस ने सास चरनो, ससुर मोहन लाल, जेठ बलविन्द्र सिंह व जेठानी सीता के खिलाफ राज रानी को जहरीली वस्तु खिलाकर मारने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। 

swetha