अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सैर कर रहे व्यक्ति की मौत

punjabkesari.in Saturday, May 25, 2019 - 04:13 PM (IST)

टांडा-उड़मुड़(पंडित): आज सुबह दारापुर बाईपास के नजदीक हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सुबह 6‍.15 पर उस समय हुआ जब घर से सैर करने के लिए निकले एक व्यक्ति को दारापुर बाईपास हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान सतीश कुमार शर्मा (60) पुत्र बलदेव राज शर्मा निवासी नजदीक जी.टी.बी. स्कूल अजीत नगर कपूरथला के रूप में हुई है। 

टांडा पुलिस ने हादसे में मौत का शिकार हुए व्यक्ति के साले राजीव शर्मा पुत्र रविदत्त निवासी उड़मुड़ के बयान के आधार पर टक्कर मारने के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अपने बयान में राजीव शर्मा ने बताया कि उसके जीजा सतीश शर्मा गत रात ही उड़मुड़ आए थे और आज सुबह 6‍.00 बजे घर से सैर के लिए निकले थे। जब वह बाबा बलवंत सिंह अस्पताल वाली गली से होते हुए हाईवे पर पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सतीश कुमार आर्मी के एम.आई.एस. से सेवा मुक्त हुए थे। टांडा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

Vaneet